उज्जैन : बुधवार, नवम्बर 19, 2025, 18:34 IST
उज्जैन,19 नवंबर। जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर मनीषा पाठक ने जानकारी दी कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर करोहन के द्वारा निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन रामनगर विद्यालय परिसर में किया गया।आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जितेंद्र जैन ने आंवला नवमी के महत्व को नागरिकों से साझा किया। आंवला नवमी दीपावली के बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाई जाती है। आंवला का पर्यायवाची धात्री होता है। धात्री का अर्थ होता है माता, धाय मां, आंवला धात्री के समान शारीरिक स्वास्थ्य के लिए पोषण कारक होता है। आयुर्वेद के अनुसार आंवला मधुर विपाक शीत वीर्य वाला होता है इसमें पंच रस होते है।आंवला त्रिदोष हर होता है। वात दोष की विकृति में एक चम्मच आंवला चूर्ण तिल तेल के साथ, पित्त दोष विकृति में एक चम्मच घी मिलाकर और कफ विकृति में शहद के साथ ले सकते हैं। आयुर्वेद में रसायन औषधि के रूप में आंवले का वर्णन है जो की प्रथम ब्रह्म रसायन, द्वितीय ब्रह्म रसायन, च्यवनप्राश, केवल आमलक आदि योगों के माध्यम से दीर्घायु एवं इंद्रियों में बल की वृद्धि, अकाल रोगों को दूरकर प्रतिरोधक क्षमता की वृद्धि करता है। आंवला नवमी यथार्थ में समाज और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। शिविर में उच्च रक्तचाप, रक्त शर्करा का निशुल्क परीक्षण कर औषधियों का वितरण किया गया। शिविर का उद्घाटन सरपंच श्रीमती रूप कुंवर लाखन सिंह राठौड़ ने किया। शिविर में डॉ जितेंद्र जैन, डॉ इरफान खान,डॉ विजय राठौर ,डॉक्टर मीनल गुप्ता, डॉक्टर ज्योति नरवरिया ने चिकित्सा कार्य किया।
