उज्जैन, 22 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मंगलवार को उज्जैन जनसुनवाई का आयोजन प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में किया गया। सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट ने जनसुनवाई के दौरान 112 आवेदनों पर सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने आवास, पंचायत राशि के दुरुपयोग, शिक्षा, भवन निर्माण, जल निकासी, कृषि भूमि विवाद और रोजगार से जुड़े मामले अधिकारियों के सामने रखे।
उज्जैन जनसुनवाई में 112 आवेदनों पर सुनवाई
उज्जैन जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और प्रत्येक मामले को संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास कार्रवाई के लिए भेजा।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।
पंचायत विकास राशि के दुरुपयोग की शिकायत
खाचरौद विकासखंड के ग्राम आक्याकोली के निवासियों ने पंचायत के विकास के लिए उपलब्ध कराई गई राशि के कथित दुरुपयोग की शिकायत करते हुए आवेदन दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत की शिकायत शाखा के प्रभारी अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आवासीय पट्टे के लिए महिला ने दिया आवेदन
शंकरपुर मक्सी रोड निवासी संतोष बाई ने आवेदन देकर बताया कि वह गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करती हैं और उनके पास रहने के लिए आवास नहीं है। उन्होंने आवासीय पट्टा उपलब्ध कराने की मांग की।
आवेदन पर एसडीएम उज्जैन शहर को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अतिथि शिक्षक ने विद्यालय आवंटन नहीं होने की रखी समस्या
घट्टिया विकासखंड के ग्राम खलाना निवासी अनवर खान ने बताया कि वे अतिथि शिक्षक हैं। उन्होंने काउंसलिंग में भाग लिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें विद्यालय आवंटित नहीं हुआ।
यह भी पड़े – ;कंचन बाई अनगंवाडी कार्यकर्त्ता
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नियम विरुद्ध भवन निर्माण की शिकायत
उज्जैन निवासी नीता परमार ने पड़ोस में नियमों के विरुद्ध भवन निर्माण किए जाने की शिकायत जनसुनवाई में की। उन्होंने बताया कि निर्माण के कारण उन्हें और आसपास रहने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले में नगर पालिका निगम के जोनल अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बारिश के पानी की निकासी की समस्या उठी
महिदपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत कामल्याखेड़ी के ग्रामीणों ने गांव में बारिश के पानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने की समस्या अधिकारियों के सामने रखी।
ग्रामीणों ने जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की। आवेदन पर एसडीएम महिदपुर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कृषि भूमि पर कब्जे की शिकायत
यह समाचार भी पड़े ;_- आधुनिक कृषि तकनीक की दी जा रही जानकारी
खाचरौद विकासखंड के ग्राम आक्याजागीर निवासी गंगाबाई ने कृषि भूमि से जुड़े विवाद की शिकायत की। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से कृषि कार्य कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं।
आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में रहने वाला एक व्यक्ति उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने के इरादे से उनके साथ दुर्व्यवहार करता है और विवाद की स्थिति पैदा करता है।
मामले में एसडीओपी खाचरौद को पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सफाई कर्मी को सेवा से हटाने की शिकायत
तराना विकासखंड के ग्राम कचनारिया निवासी अंजू बाला ने आवेदन देकर बताया कि वह काफी समय से ग्राम के उप स्वास्थ्य केंद्र में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थीं, लेकिन कुछ दिन पहले उन्हें सेवा से हटा दिया गया।
उन्होंने सेवा से हटाए जाने के कारणों की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
उज्जैन जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का परीक्षण कर नियमानुसार समाधान करने और प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जनसुनवाई के दौरान एडीएम श्री अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और विभिन्न मामलों में नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
