श्रद्धालुओं का सिंहस्थ 2028 का अनुभव होगा भव्य, दिव्य और आलौकिक :- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गत दिवस नवीन घाट निर्माण कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए
उज्जैन : सोमवार, दिसम्बर 1, 2025,

उज्जैन,01 दिसम्बर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान गत शनिवार को सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे नवीन घाट निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि घाटों पर हरियाली होनी चाहिए और सभी घाटों के निर्माण में एकरूपता होनी चाहिए। घाट निर्माण के पश्चात घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और संसाधन भी सुनिश्चित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिहंस्थ 2028 के सभी कार्य गुणवत्ता पूर्व और समय अवधि में पूर्ण हो जिससे श्रद्धालुओं का सिंहस्थ 2028 का अनुभव भव्य, दिव्य और आलौकिक बने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में घाट आधारित विकास की कार्य योजना पर भी कार्य किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गत 31 मई को 779 करोड़ रूपए की लागत राशि से शिप्रा नदी पर 29.15 किमी लंबे नवीन घाटों के विकास कार्य का भूमि पूजन किया था। नवीन घाट निर्माण और मौजूदा घाटों के उन्नयन के पश्चात 24 घंटे में लगभग 04 करोड़ से अधिक श्रद्धालु सिंहस्थ के दौरान स्नान कर सकेंगे। इससे श्रद्धालुओं को सुविधापूर्वक स्नान हो सकेंगे साथ ही प्रशासन को भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।
