Breaking
24 Aug 2026, Mon

फसल विविधीकरण से बढ़ेगी किसान आय, CM मोहन यादव ने नई तकनीक और पशुपालन अपनाने पर दिया जोर

नई तकनीक और नवाचार ने खेती में समृद्धि के नए रास्ते खोले हैं
किसानों को दिन में ही पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी
किसानों की आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा और उनके संवर्धन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अशोकनगर के बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली किया संबोधित

भोपाल : गुरूवार, अगस्त 20, 2026 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि फसल विविधीकरण और किसान आय बढ़ाने के लिए पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, उद्यानिकी, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मछली पालन को अपनाना जरूरी है। नई तकनीक और नवाचार ने खेती में समृद्धि के नए रास्ते खोले हैं। कृषि क्षेत्र आने वाले समय में ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर पैदा करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को अशोकनगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को भोपाल स्थित समत्व भवन से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों से खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए फसल उत्पादन के साथ अन्य कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

यह संचार भी पड़े :- युवा संवाद 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से किया आत्मीय संवाद, 2027 को युवा वर्ष बनाने का संकल्प

फसल विविधीकरण से किसानों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित न रहें, बल्कि फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन को भी अपनी कृषि व्यवस्था का हिस्सा बनाएं। फसल उत्पादन के साथ दुग्ध उत्पादन और मछली पालन अपनाने से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक किसानों के लिए नई संभावनाएं लेकर आई है। खेती में नवाचार और तकनीकी बदलाव का लाभ लेकर किसान कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

अशोकनगर के किसानों की मेहनत बनी मिसाल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अशोकनगर के किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जिले के अन्नदाता अपनी मेहनत और नवाचार से प्रदेश के किसानों के लिए मिसाल बन रहे हैं। अशोकनगर का शरबती गेहूं देशभर में अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए प्रसिद्ध है।

यह संचार भी पड़े :- स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि: भारतीय राजनीति के अटल अध्याय को नमन

उन्होंने कहा कि जिले में धनिया और गुलाब जैसी उद्यानिकी फसलों के प्रति किसानों की रुचि बढ़ रही है। कम बारिश की चुनौती के बीच डीआरएस तकनीक के माध्यम से धान की रोपाई का क्षेत्र बढ़ाकर किसानों ने विपरीत परिस्थितियों को अवसर में बदलने का प्रयास किया है।

इसके साथ ही फसल विविधीकरण के चलते अशोकनगर जिले में चना और मसूर का रकबा भी बढ़ा है।

सीमा पर जवान और खेत में किसान की भूमिका समान

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा में सीमा पर तैनात जवान और खेत में मेहनत करने वाले किसान की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। किसान देश के लिए अन्न का उत्पादन करता है और अपनी मेहनत से समाज का पालन-पोषण करता है।

उन्होंने कहा कि किसान, महिला, गरीब और युवा राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसान के समृद्ध और खुशहाल होने से समाज भी आर्थिक रूप से मजबूत होता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है।

किसानों को दिन में पर्याप्त बिजली देने की तैयारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को खेती के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आने वाले कुछ महीनों में किसानों को दिन में ही पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

यह खबर बी पड़े :- उज्जैन जिले के घट्टिया की सरौला पंचायत का दर्द, बारिश आते ही थम जाती है गांव की जिंदगी

उन्होंने बताया कि किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सब्सिडी के माध्यम से पांच, सात और दस हॉर्स पावर के बिजली पंप उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। बिजली और पानी के साथ खेतों तक सड़क संपर्क बेहतर बनाने का काम भी जारी है।

कृषि भूमि के भू-अर्जन पर चार गुना मुआवजा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि भूमि के भू-अर्जन के मामलों में किसानों को चार गुना मुआवजा देने की व्यवस्था की जाएगी। किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को भी सरल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे खेती अधिक लाभकारी बने और किसान परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हो सके।

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादन को 12 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने किसानों से कृषि के साथ पशुपालन को अपनाने का आह्वान किया। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, उद्यानिकी और मछली पालन जैसे क्षेत्रों से जुड़कर किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं।

किसानों की आने वाली पीढ़ी के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा और उनके संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सांदीपनि विद्यालयों के साथ प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों को भी बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान परिवार की आर्थिक मजबूती के साथ अगली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है।

त्योहारों पर मुख्यमंत्री ने किसानों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों और प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी, बलराम जयंती और रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव में उपस्थित किसानों से वर्चुअली संवाद भी किया।

कार्यक्रम में विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, किसान श्री जयपाल चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे। विधायक मुंगावली श्री बृजेंद्र सिंह यादव तथा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री धर्मवीर रघुवंशी ने अशोकनगर को विभिन्न सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *