संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने दोपहर में पैदल घूमकर सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया
उज्जैन : शुक्रवार, अप्रैल 24, 2026

उज्जैन, 24 अप्रैल। संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नियमित निरीक्षण के दौरान शुक्रवार को सिंहस्थ 2028 के लिए शहर में निर्माणाधीन मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर ही संभागायुक्त श्री सिंह ने संबंधितों का एक ओर से मार्ग निर्माण का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए जिससे आमजन को आने-जाने में असुविधा नही हो। संभागायुक्त श्री सिंह ने बारिश के पहले जरूरी कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान दोपहर में दोनों अधिकारियों ने पैदल भ्रमण करते हुए चौड़ीकरण कार्य की स्थिति देखी। विश्व स्तरीय सिंहस्थ 2028 महापर्व के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में विकास कार्यों की स्वीकृति दी है। शहर में कई मार्गों का चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। इससे आने वाले सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा होगी। संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नियमित निरीक्षण के दौरान शुक्रवार को सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत शहर में प्रगतिरत मार्ग चौड़ीकरण के कार्यों की स्थिति देखी। संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले नानाखेड़ा गेल इंडिया चौराहे के पीछे केटीएम शोरूम से नीलगंगा चौराहा तक निमार्णाधीन मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद इंजीनियर ने जानकारी दी कि मार्ग चौड़ीकरण कार्य में 150 मीटर के क्षेत्र में डीएमसी का कार्य किया गया है। मार्ग में प्रतिदिन 50 मीटर की चाल में नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा है। मौके पर संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि बारिश के पहले दोनों ओर की नाली का कार्य पूर्ण कर लिया जाए जिससे बारिश के दौरान परेशानी नही हो। संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने गढ़कालिका माता मंदिर से औखलेश्वर श्मशान घाट होकर भैरवगढ़ तक नवीन मार्ग निर्माण कार्य का अवलोकन किया।दोपहर की धूप में पैदल भ्रमण कर देखी चौड़ीकरण कार्य की स्थिति निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने दोपहर में पैदल भ्रमण करते हुए छत्री चौक स्थित पानी की टंकी चौराहे से ढाबारोड़, सत्यनारायण मंदिर, दानीगेट तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य और कंठाल चौराहा से नरेंद्र टॉकीज तिराहा निजातपुरा क्षेत्र तक निर्माणाधीन मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। संभाग आयुक्त श्री सिंह ने मौके पर निर्देश दिए कि मार्ग चौड़ीकरण कार्य के दौरान आमजन को आवागमन की सुविधा रहे इसके लिए चौड़ीकरण के एक ओर से मार्ग निर्माण का कार्य प्रारंभ कर अंतिम छोर तक की एक लेन का कार्य प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि बारिश शुरू होने के पहले तक आवश्यकता वाले कार्य, नाली निर्माण के कार्य पूर्ण कर लें, जिससे बारिश के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत नही हो।