Breaking
5 Jun 2026, Fri

जनगणना एक राष्ट्रीय कार्य, इसमें सबका सक्रिय सहयोग बेहद जरूरी

स्‍थानीय नागरिक स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना में बढ चढकर ले रहे भाग

उज्जैन : सोमवार, अप्रैल 27, 2026

उज्जैन, 27 अप्रैल। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना 2027 का प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना) चल रहा है। इस चरण की सबसे महत्वपूर्ण और नागरिक-अनुकूल सुविधा है – स्व-गणना (Self-Enumeration)।      अब आप खुद घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से अपना और अपने परिवार का पूरा विवरण भर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित, तेज़ और पूरी तरह ऑनलाइन है।     स्व गणना से समय की बचत होगी, आप खुद अपनी डिटेल्स भरेंगे, कोई गलती की गुंजाइश कम होगी, इसे आप किसी भी समय, कहीं भी भर सकते हैं।      इसके लिए अपने मोबाइल/कंप्यूटर पर ब्राउज़र खोलें और इस पोर्टल पर जाएं: https://se.census.gov.in, अपना मोबाइल नंबर डालें और ओटीपी से वेरिफाई करें, अपनी पसंद की भाषा चुनें (हिंदी सहित 16 भाषाएं उपलब्ध), घर का पता और लोकेशन मानचित्र पर मार्क करें, 33 प्रश्नों का फॉर्म भरें (घर, सुविधाएं, परिवार के सदस्यों की जानकारी आदि), प्रीव्यू करें, सबमिट करें और अपना एस ई आईडी प्राप्त करें, एस ई आईडी को सुरक्षित रखें और जब गणनाकर्ता आएं तो उन्हें दिखाएं। आगामी 30 अप्रैल तक स्व गणना कर सकेंगे।        देश की जनसंख्या के आंकड़े ही केंद्र सरकार द्वारा नीति निर्माण एवं मानव संसाधन के नियोजन का पहला आधार होते हैं। देश की आबादी की गणना के लिए राष्ट्रीय जनगणना-2027 का कार्य आगामी एक मई से आरंभ होने जा रहा है। यह एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें सभी का सक्रिय सहयोग बेहद जरूरी है। सभी नागरिकों से अपील है कि अपनी सहभागिता से इस पुनीत राष्ट्रीय कार्य को सम्पन्न कराने में सहयोग दें।  जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा स्व गणना की शुरुआत 16 अप्रैल से की गई है । स्व गणना 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक की जाएगी। स्व गणना को जिले में सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। स्‍थानीय नागरिक बढ़ चढ़कर स्‍वगणना पोर्टल पर जाकर ऑनलाईन अपनी जानकारी दर्ज कर स्‍वगणना में भाग ले रहे है। फ्रीगंज निवासी श्री चेतन जोशी की क्षेत्र में कम्‍प्‍यूटर और वेबसाईट निर्माण की दुकान है। अपने काम काज के बीच थोडा सा समय निकालकर उन्‍होंने स्‍वगणना पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज की उन्‍होंने बताया कि यह बहुत आसान है तथा इसमें काफी कम समय लगता है। अन्‍य व्‍यापारीगणों को भी वे स्‍वगणना के लिए प्रेरित करेंगे।इंदौर रोड निवासी श्री नरेन्‍द्र कुमार शांडिल्‍य ने भी पोर्टल पर जाकर स्‍वगणना के अंतर्गत जानकारी ऑनलाईन दी। उन्‍होंने कहा कि यह प्रक्रिया बहुत सरल है और अन्‍य लोगों को भी इसे अपनाना चाहिए।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *