उज्जैन में एग्रीस्टेक अभियान शुरू, 15 सितंबर तक पैक्स सदस्यता और अग्रिम उर्वरक उठाव की सुविधा
उज्जैन जिले में 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान चलेगा। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सीएम हेल्पलाइन और जनविश्वास अभियान के प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
उज्जैन जिले में किसानों को कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान किसानों की फार्मर आईडी बनाने, पैक्स सदस्यता बढ़ाने, किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने और अग्रिम उर्वरक उठाव जैसी सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।
यह संचार भी पड़े :- युवा संवाद 2026: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से किया आत्मीय संवाद, 2027 को युवा वर्ष बनाने का संकल्प
यह जानकारी गुरुवार को प्रशासनिक संकुल भवन में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में दी गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, कृषि, स्वास्थ्य, निर्माण कार्य, जनकल्याणकारी योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की गई।
20 अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगा एग्रीस्टेक अभियान
बैठक में बताया गया कि किसानों को आवश्यक उर्वरक व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने और उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान संचालित किया जा रहा है।
एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान के तहत किसानों को ई-विकास प्रणाली में टोकन जनरेशन और पोर्टल की सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जिले के किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने और बकेटिंग के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने पर भी जोर रहेगा।
यह भी पड़े :- स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि: भारतीय राजनीति के अटल अध्याय को नमन
पैक्स में अधिक किसानों को जोड़ा जाएगा
अभियान के दौरान पैक्स स्तर पर नए सदस्यों को जोड़ने की प्रक्रिया को गति दी जाएगी। किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनवाने के साथ पात्र कृषक सदस्यों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
किसानों को उर्वरकों की आवश्यकता के अनुसार अग्रिम उर्वरक उठाव के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। ई-टोकन प्रणाली की सुविधाओं का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे किसान डिजिटल व्यवस्था को आसानी से समझ सकें।
सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए विभागवार लंबित शिकायतों के निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने सी और डी ग्रेडिंग वाले विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार कर ए श्रेणी में आने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ‘नॉट अटेंड’ शिकायतों को तत्काल अटेंड कर नियमानुसार निराकृत किया जाए। सीएम हेल्पलाइन एवं लोकसेवा के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
यह खबर बी पड़े :- उज्जैन जिले के घट्टिया की सरौला पंचायत का दर्द, बारिश आते ही थम जाती है गांव की जिंदगी
21 अगस्त को बड़नगर में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर
कलेक्टर ने बताया कि 21 अगस्त को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिला स्तरीय शिविर ग्राम बड़नगर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिविर की सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को फील्ड भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर गांवों में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेने तथा पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
फील्ड में उपस्थित रहें जिला अधिकारी
कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के दौरान सभी जिला अधिकारी फील्ड में उपस्थित रहें। निर्धारित समय-सीमा के बाहर प्रकरण लंबित पाए जाने या कार्य में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
10 सितंबर तक निकलेगी संत रविदास समरसता संकल्प यात्रा
बैठक में संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा की जानकारी भी दी गई।
उज्जैन जिले में 20 अगस्त से 10 सितंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में कलश-रथ यात्रा निकाली जाएगी। गुरुवार को शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की समीक्षा करते हुए विभागवार पौधारोपण लक्ष्य और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शेष लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र पौधारोपण पूरा करने के निर्देश दिए।
रोपित पौधों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने, गूगल शीट में एंट्री करने और अंकुर वायु दूत ऐप पर अनिवार्य रूप से जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पौधारोपण के फोटो भी अपलोड करने को कहा गया।
हितग्राही योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश
कलेक्टर ने जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पीएम सूर्यघर योजना और आयुष्मान भारत निरामय योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लंबित प्रकरणों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
‘एक पंचायत, एक उद्योग’ को मिलेगा बढ़ावा
कलेक्टर श्री सिंह ने ‘एक पंचायत, एक उद्योग’ की अवधारणा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं और स्वरोजगार के इच्छुक लोगों को उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
जिन ग्राम पंचायतों में उद्योग की संभावनाएं हैं, उन्हें चिन्हित कर वहां के युवाओं और संभावित उद्यमियों से संवाद करने तथा संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री श्रेयांस कूमट, एडीएम श्री अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा, सभी एसडीएम तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

[…] […]
[…] […]