Breaking
22 Jul 2026, Wed

सदावल में स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र बच्‍चों के सर्वांगीण विकास की पाठशाला – मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव

आंगनवाड़ी केंद्र के बच्‍चों को दुलार किया, झूला झुलाया और पोषण आहार का वितरण किया

उज्जैन 15 जुलाई। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्‍जैन के सदावल में स्थित यह आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र बच्‍चों के सर्वांगीण विकास की पाठशाला है। सरकार द्वारा छोटे बच्‍चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर सभी आवश्‍यक सुविधाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही है। आंगनवाड़ी के बच्‍चों के लिए सर्व सुविधा युक्‍त पक्‍के भवन, फर्नीचर, खिलौने, पोषण आहार, स्‍वास्‍थ्‍य जांच, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा सब कुछ एक ही छत के नीचे एक ही जगह उपलब्‍ध करवाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्‍य है कि बच्‍चों का सर्वांगीण विकास हो। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने आंगनवाड़ी केंद्र में पहुंचकर वहां की व्‍यवस्‍थाओं का अवलोकन किया और बच्‍चों से संवाद किया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीएसआर फंड से बनाए गए इस आंगनवाड़ी केंद्र में बच्‍चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी व्‍यवस्‍थाएं हैं।मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्‍यप्रदेश शासन द्वारा निरंतर इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित रूप से विकास किया जा रहा है, जिससे निरंतर उनकी दशा में सकारात्‍मक परिवर्तन आ रहे हैं। मध्‍यप्रदेश सरकार द्वारा बच्‍चों के विकास एवं पढ़ाई के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सदावल पहुंचकर वहां स्थित स्‍वेज फार्म सक्षम आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र के अवलोकन एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में उक्‍त वक्‍तव्‍य दिए।मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्‍थल पर पहुंचकर वहां महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण आहार सप्‍ताह के अंतर्गत लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बच्‍चों को झूला झुलायाआदर्श आंगनवाड़ी केंद्र के अवलोकन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में लगे झूलों पर झूल रहे बच्‍चों को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झूला झूलाते हुए संवाद किया। आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों ने नमस्ते सर कहकर मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव का अभिवादन कर गुलाब का फूल भेंट कर उनका स्‍वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छोटे-छोटे बच्चों को दुलार करते हुए सभी को लड्डू के पैकेट, पोषण आहार के रूप में चना और मूंगफली के पैकेट वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आंगनबाड़ी केंद्र पर फूड जोन, स्वास्थ्य परीक्षण कक्ष, मेडिसिन कक्ष का अवलोकन कर जानकारी ली। कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह ने आंगनवाड़ी केंद्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में पौधारोपण कियाग्राम सदावल स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए और सभी लोगों को पौधारोपण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्‍य से एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत आम, पीपल, बरगद, नीम, सुरजना, और जामफल के पौधों का रोपण किया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने सभी से अपील की कि वे भी एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत एक पौधा अवश्‍य लगाएं।इस दौरान प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्‍यक्ष श्रीमती कलावती यादव, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्‍यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री संजय अग्रवाल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, ग्रामीण महिलाएं एवं अन्‍य गणमान्‍य नागरिक उपस्थित थे। अतिथियों द्वारा मंच पर दीप प्रज्‍वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।मुख्यमंत्री ने हितलाभ वितरण किया मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से लाडली लक्ष्‍मी योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आश्वासन प्रमाण-पत्र एवं मातृ-वंदना योजना की पात्र महिलाओं को हितलाभ वितरित किए। मुख्‍यमंत्री ने लाड़ली-लक्ष्‍मी योजना की हितग्राही बालिकाओं को दुलार कर उनके उज्‍ज्वल भविष्‍य के लिए शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम में पदोन्‍नति प्राप्‍त महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों तथा ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्‍यम से नियुक्‍त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं द्वारा मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव का गजपुष्पमाला भेंट कर सम्‍मान किया गया और उनके प्रति आभार व्‍यक्‍त किया गया। कार्यक्रम में विधायक उज्‍जैन उत्‍तर श्री अनिल जैन कालूहेड़ा ने स्‍वागत उद्बोधन दिया।इस दौरान संभागआयुक्‍त श्री आशिष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्‍ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, एडीएम श्री अत्‍येन्‍द्र सिंह गुर्जर, नगर निगम आयुक्‍त श्री अभिलाष मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री बृजेश कुमार त्रिपाठी, सीडीपीओ श्रीमती अर्चना दलाल, सुपरवाइजर श्रीमती वंदना गुप्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती ललिता पुरोहित, आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती जमुना खत्री स्थानीय महिलाएं व बच्चे उपस्थित थे।

यह भी पड़े :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डीजीपी श्री मकवाना की माता के निधन पर उनके निवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *