Breaking
7 Jun 2026, Sun

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 09 जून को विशेष शिविर का आयोजन

उज्जैन 06 जून। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के इस महत्वपूर्ण अवसर को जन आंदोलन के रूप में मनाते हुए प्रत्येक गर्भवती महिला तक गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व पहुंचे इस हेतु जिले में विशेष PMSMA गतिविधियों एवं व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। आगामी 09 जून को जिले की सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं पर (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी  डॉ. अशोक कुमार पटेल द्वारा बताया गया कि विशेष शिविर में गर्भवती महिलाओं की गुणवत्ता पूर्ण ANC जांच, PNC जांच, छूटी हुई और नवीन गर्भवती महिलाओं का पंजीयन विशेषकर उच्च जोखिम गर्भवती और धात्री महिलाओं (HRPV) की पहचान और उपचार, नवीन एमसीपी कार्ड का वितरण, PMSMA विशेष शिविर पर सुनिश्चित की जाएगी। PMSMA के अंतर्गत स्वास्थ्य संस्था पर आने वाली सभी गर्भवती महिलाओं की शारीरिक परीक्षण (वजन, ऊंचाई, BMI, MUAC, BP, गर्भावस्था के दौरान प्रति माह वजन में वृद्धि की निगरानी), मेडिकल एवं ऑब्स्टेट्रिक हिस्ट्री की जानकारी तथा पेट (Abdominal) की जांच एवं समस्त प्रकार की जांचे की जाएंगी।उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध प्रसव पूर्व जांच (ANC) सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रत्येक माह की 09 तारीख को सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) और 25 को (e-PMSMA) का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सभी गर्भवती महिलाओं की जांच तथा उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं (High Risk Pregnant Women HRPW) की पहचान, उपचार एवं नियमित फॉलोअप किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *