उज्जैन, 06 जून। जिला परियोजना समन्वयक श्री अशोक त्रिपाठी ने जानकारी दी कि विद्यालयीन शिक्षा विभाग एवं राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार शनिवार 06 जून को जिले के सभी विकासखंडों में ‘अपार मेगा दिवस’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अपार आईडी (Automated Permanent Academic Account Registry) के महत्व से अवगत कराना तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार करना था।कार्यक्रम के दौरान विकासखंड स्तर से लेकर संकुल एवं विद्यालय स्तर तक शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालयों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर अभिभावकों को अपार आईडी के लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर अपार आईडी निर्माण की प्रक्रिया को गति प्रदान की गई।जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर कार्यक्रम की प्रगति का अवलोकन किया गया। निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिला परियोजना समन्वयक श्री त्रिपाठी ने बताया कि अपार आईडी विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को साकार करने में सहायक होगी।कार्यक्रम के सफल आयोजन में समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, सीएसी, संस्था प्रमुख, शिक्षक गण एवं अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।