Breaking
23 Apr 2026, Thu

नियमित टीकाकरण के अन्तर्गत शासन द्वारा निर्मला हॉस्पिटल में उपलब्ध कराई बच्चों के लिए निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा

उज्जैन, अप्रैल। उज्जैन शहर के प्रायवेट हॉस्पिटल, निर्मला हॉस्पिटल, देवासरोड, उज्जैन में नियमित टीकाकरण के अन्तर्गत जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों का निशुल्क टीकाकरण प्रारंभ किया गया है। यहां पर प्रति बुधवार व शनिवार को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। यहां पर शासन द्वारा निर्धारित टीकाकरण सारणी अनुसार समस्त टीके निःशुल्क लगाए जाएंगे। इस अवसर पर डॉ. रवींद्र कुमार पाल जिला टीकाकरण अधिकारी, निर्मला हॉस्पिटल के संचालक फादर जोबीश मानुपल, डॉ. नीलम चार्ल्स, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. संध्या चार्ल्स, जिला टीकाकरण टैक्नीशियन श्री नरेन्द्र परमार, टीकाकरण डाटा मैनेजर श्री बालकृष्ण शर्मा सहित विभिन्न नागरिक उपस्थित थे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन डॉ. पटेल ने बताया कि निर्मला हॉस्पिटल में प्रति बुधवार व शनिवार को प्रातः 10:00 से 2:00 बजे तक जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों का निशुल्क टीकाकरण होगा। इसके पूर्व भी शासन द्वारा उज्जैन के प्रायवेट हॉस्पिटल क्रमशः वेदा हॉस्पिटल, एस. एन. कृष्णा हॉस्पिटल, लोटस हॉस्पिटल, ग्लोबल हॉस्पिटल व पुष्पा मिशन हॉस्पिटल में भी निःशुल्क टीकाकरण की  सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। अतः मोबाइल नंबर, आधार नंबर एवं टीकाकरण कार्ड साथ लेकर जाएं। अस्पताल में टीकाकरण के साथ-साथ यूविन पोर्टल में हितग्राही का नाम दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। बच्चों में 10 जानलेवा बीमारियों (पोलियो, टी.बी., हेपेटाइटिस बी, काली खांसी, गलघोंटू, टिट्‌नेस, दस्त रोग, निमोनिया, खसरा-रूबेला एवं हिब) से बचाव के लिए असरकारी, सुरक्षित एवं हानिरहित टीके निःशुल्क उपलब्ध हैं।टीकाकरण हर बच्चें का जन्मसिद्ध अधिकार है और बच्चों को टीके लगवाना हम सब की संयुक्त जिम्मेदारी है। हमारे जिले में प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं एवं पूर्व नियोजित कार्यकम अनुसार आंगनवाड़ी केन्द्रों में भी निःशुल्क टीकाकरण किया जाता है। प्रभावी टीकाकरण के प्लान से बच्चों की अकाल मौत को रोका जा सकता है किन्तु कई शिशु व बच्चें टीकाकरण से वंचित रहते है। अतः ऐसा प्लान बनाया जाकर समस्त बच्चों को शतप्रतिशत टीकाकरण कर बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *