Breaking
21 Apr 2026, Tue

सिंहस्‍थ मेला अधिकारी श्री सिंह ने सिंहस्‍थ 2028 के अंतर्गत अस्‍थाई कार्यों के संबंध में समीक्षा बैठक की

उज्जैन : शुक्रवार, मार्च 13, 2026, उज्जैन,13 मार्च। सिंहस्‍थ मेला अधिकारी सह संभागायुक्‍त श्री आशीष सिंह ने शुक्रवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में सिंहस्‍थ 2028 के अंतर्गत किए जाने वाले अस्‍थाई कार्यों के संबंध में बैठक ली। बैठक में विशेष कर्तव्‍यस्‍थ अधिकारी श्री गोपाल डाड, कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्‍त श्री अभिलाष मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।      बैठक में सिंहस्‍थ के दौरान सॉलिड वेस्‍ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि इसी कार्ययोजना में अतिरिक्‍त मेन पावर और मशीनरी को सम्मिलित किया जाए। नगर निगम द्वारा सिंहस्‍थ के दौरान प्रस्‍तावित कचरा कलेक्‍शन और परिवहन पर चर्चा के दौरान जानकारी दी गई कि सिंहस्‍थ में कचरा कलेक्‍शन के लिए चार पहिया वाहन और ट्रेक्‍टर ट्रॉली एवं अन्‍य वाहन जैसे डंपर, कांपेक्‍टर, बेक हो लोडर की व्‍यवस्‍था की जाना है। इनके द्वारा दत्‍त अखाडा, महाकाल, त्रिवेणी , नागझिरी, मंगलनाथ, काल भैरव, चामुंडा चौराहा, पंवासा से कचरा कलेक्‍शन किया जाना है। साथ ही अस्‍थाई शौचालय और स्‍नानागार बनाए जाने पर भी चर्चा की गई।      मेला अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्‍थ के दौरान मुख्‍य घाटों पर अधिक संख्‍या में सफाई मित्र तैनात किए जाए। इनके द्वारा निरंतर सफाई का कार्य संपादित किया जाए।      सिंहस्‍थ में अस्‍थाई प्रकाश व्‍यवस्‍था की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मेला क्षेत्र में हाई मास्‍ट-मिनि मास्‍ट पोल, फ्लड लाईट, पावर केबल लगाए जाना है। पोल की उंचाई लगभग 7 से 10 मीटर की होगी। मेला अधिकारी श्री सिंह ने प्रकाश व्‍यवस्‍था का कार्य एक फरवरी 2028 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।         सिंहस्‍थ के दौरान ग्रीष्‍म ऋतु को ध्‍यान में रखते हुए कीटनाशक और अन्‍य प्रमुख दवाईयों की व्‍यवस्‍था करने के निर्देश दिए गए। सिंहस्‍थ के दौरान पंचक्रोशी यात्रा के लिए अलग से कार्ययोजना बनाए जाने के निर्देश दिए गए।           सिंहस्‍थ में बेरीकेडिंग प्‍लान के बारे में जानकारी दी गई कि लगभग 103.39 कि.मी. की बेरीकेडिंग मेला क्षेत्र में की जाएगी। इसके लिए लगभग 53 हजार बेरीकेड्स की आवश्‍कता होगी।      मेला अधिकरी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्‍थ मेला क्षेत्र का अवलोकन कर समतलीकरण कार्य समयसीमा में पूर्ण कर लिया जाए। बैठक में सिंहस्‍थ के दौरान पार्किंग व्‍यवस्‍था, दिशा सूचक संकेत, अस्‍थाई अस्‍पताल, प्राथमिक चिकित्‍सा केंद्र, पर्व के पूर्व नदी की सफाई की जाने पर भी विचार विमर्श किया गया। साथ ही सिंहस्‍थ के अंतर्गत मेन पावर का प्रशिक्षण, बीमा संबंधित कार्य, सत्‍कार व्‍यवस्‍था और प्रोटोकोल व्‍यवस्‍था पर भी चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *