Breaking
22 Jul 2026, Wed

पत्रकार साथी उज्‍जैन शहर के विकास में सहभागी बनें – श्रीमती यादव

उज्जैन,13 मार्च। उज्जैन की मीडिया का सकारात्मक सहयोग हमेशा मिलता है। सिंहस्थ के जो कार्य हो रहे हैं उनमें पत्रकार साथी अहम भूमिका निभायें। यह उद्गार अतिथियों ने शुक्रवार को सिटी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह के अवसर पर व्यक्त किए।सिटी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में सिंहस्थ की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रेस से सहयोग मांगा। दशहरा मैदान स्थित एक निजी गार्डन में हुए आयोजन में 150 से अधिक पत्रकारों ने हिस्सेदारी की।कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिंहस्थ को ऐतिहासिक सफलता देने के लिए प्रयास कर रहे हैं वैसे ही उज्जैन प्रेस भी हर बार की तरह इस महाकुंभ को सफल बनाने के लिए अभी से हमारे साथ है। उन्होंने कहा कि उज्जैन के विकास के लिए आप लोगों को कोई भी कमी दिखती हो तो हमें बताएं उसे पूरा किया जाएगा।श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में मुझे कर्तव्यों का भान है और मैं हर पत्रकार साथी से मिलने वाले सुझाव को मार्गदर्शन के रूप में लेता हूं। आगे भी आप जब-जब बुलाएंगे हम उपस्थित होंगे। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने कहा कि उज्जैन की प्रेस का पूरे प्रदेश में सबसे अलग स्थान है। यहां के पत्रकार जिद करके शहर के लिए उपलब्धियां हासिल करते हैं और सिंहस्थ में भी वह पूरा समर्थन देंगे।कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह ने कहा कि उज्जैन का मीडिया हमें सदैव सकारात्मक सहयोग देता रहा है। नगर के पत्रकार शहर की गरिमा को ध्यान में रखते हुए जिस तरह से समस्याओं को बताते हैं उससे हमें समाधान की दिशा में सहयोग मिलता है। आपने विस्तार से वर्तमान में सिहंस्थ के निर्माण कार्यो की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने कहा कि उज्जैन की मीडिया वाइब्रेंट मीडिया है। अपने शहर के लिए जो जिद यहां के पत्रकारों में है वह मुझे अपना काम और गंभीरता से करने के लिए प्रेरित करती है। कुंभ के रूप में हमारे सामने बड़ा अवसर है और मुझे लगता है यहां की प्रेस के सपोर्ट से हम हर पड़ाव पार कर लेंगे ।सोसायटी फॉर प्रेस क्लब के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार श्री नंदलाल यादव ने कहा कि उज्जैन का पत्रकार जगत जमीनी पत्रकारों से भरा पड़ा है। आपने सिटी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित किये गए होली मिलन समारोह की सराहना की। सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष शैलेंद्र कुलमी ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्री मुकेश जोशी को प्रेमचंद सृजन पीठ का निदेशक बनाए जाने पर शॉल श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया गया। युवा कवि राहुल शर्मा ने होली पर उज्जैन से जुड़ी अनेक रोचक कविताओं का पाठ किया। जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक श्री अरुण कुमार राठौर कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे ।डॉ. विवेक चौरसिया, श्री सत्यनारायण शर्मा, श्री राजेश जोशी ने पत्रकारों को एक रहने का संदेश देते हुए संबोधित किया। अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ पत्रकार संरक्षक श्री रमेश दास,  श्री नरेंद्र जैन, श्री राजेश कुल्मी, श्री आनन्द निगम, श्री सचिन कासलीवाल, श्री संजय माथुर, श्री असलम खान, श्री इश्तियाक हुसैन, श्री मयूर अग्रवाल, श्री धर्मेंद्र राठौर, श्री राज जोशी,  श्री सतीश माहेश्वरी, श्री निलेश मालवीय, श्री अजय पटवा  और श्री राकेश पंड्या ने किया। कार्यक्रम का संचालन श्री योगेश कुल्मी ने किया और आभार डॉ. सचिन गोयल ने व्‍यक्‍त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *