उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में इन दिनों सिंहस्थ की तैयारियां जोर-शोर से जारी है इसके लिए शहर में चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। शहर के पिपलीनाका क्षेत्र, एमआर 4 रोड हो या फिर कोतवाली और तेलीवाडा क्षेत्र शहर भर मे लगभग आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है लेकिन विकास के नाम पर सबसे अधिक परेशानी एम आर 4 के लगभग 200 और पिपलीनाका व भैरवगढ़ क्षेत्र के लगभग 400 क्षेत्रवासियों को उठाना पड़ रही है क्योंकि जो चौड़ीकरण किया जा रहा है उससे इन लोगों के पूरे मकान ही टूटने वाले है। चौड़ीकरण के विरोध को लेकर आज एम आर 4 और पिपलीनाका क्षेत्र के रहवासियों ने उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के कार्यालय पर पहुंचकर घेराव करते हुए प्रदर्शन किया और बीजेपी कार्यालय पहुंचकर भी जमकर नारेबाजी करते हुए इस समस्या का हल निकालने की बात कही।
पूरा मामला कुछ इस प्रकार है कि, पिपलीनाका और भैरवगढ़ क्षेत्र में इन दिनों चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है लेकिन इस चौड़ीकरण परियोजना के तहत इस क्षेत्र के लगभग 400 मकान टूटने वाले हैं क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिपलीनाका और भैरवगढ़ क्षेत्र के जिस मार्ग को 150 फीट चौड़ा करने का प्रस्ताव है। उस मार्ग से ना तो कोई पेशवाई निकलती है और ना ही यह मार्ग सिंहस्थ के लिए इतना उपयोगी है लेकिन इसके बावजूद भी इस मार्ग को आवश्यकता से अधिक चौड़ा किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का विरोध यह भी है कि होली पर उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दे दिए गए हैं। क्षेत्रवासियों ने आज इसी बात का विरोध जताया और कहा कि सिक्स लेन की बजाय इस सड़क को फोरलेन बनाना चाहिए। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान एम आर 4 के क्षेत्रवासी भी शामिल रहे। जिन्होंने उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा का घेराव करते हुए कहा की हमारे क्षेत्र में भेदभाव किया जा रहा है। दारु गोदाम से उत्तरामुखी हनुमान मंदिर तक 18 मीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है जबकि हमारे क्षेत्र में जो चौड़ीकरण किया जा रहा है वह 24 मीटर का हो रहा है। आज इन दोनों क्षेत्रों के लगभग 600 मकान के रहवासी विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे जिन्होंने पहले उज्जैन उत्तर के विधायक के कार्यालय पर विरोध जताया और उसके बाद भाजपा कार्यालय पहुंचकर भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल को भी अपनी समस्या सुनाई।
रोने लगी महिलाएं – कहां हम हो जाएंगे बर्बाद
इस प्रदर्शन के दौरान महिलाएं सबसे अधिक परेशान होती दिखाई दी चौड़ीकरण के नाम पर उनके जो मकान तोड़े जा रहे हैं उसे महिलाओं की आंखों से आंसू निकल आए। उनका कहना था कि सड़कों के चौड़ीकरण के नाम पर हमारे पूरे मकान तोड़े जा रहे हैं हमें यह समझ नहीं आ रहा है कि अब हम कहां रहेंगे और क्या करेंगे हमारे परिवारों की छत और रोजी-रोटी दोनों ही अब संकट में आ चुकी है।
मैं जनता के साथ ही हूं भले ही सरकार उज्जैन उत्तर में उपचुनाव करवा ले – कालुहेड़ा
उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने शहर मे चारों ओर किए जा रहे विरोध को लेकर कहा की शहरवासी चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा 24 मीटर तक चौड़ीकरण किया जाए तो फिर जन भावना का सम्मान क्यों नहीं किया जा रहा है। पिपलीनाका क्षेत्र हो या एमआर 4 मार्ग हर जगह पर अनावश्यक ही जनता को परेशान किया जा रहा है होली के दिन कुछ क्षेत्रों में नोटिस बाटे गए जिसका भी मैं विरोध करता हूं। आपने कहा कि यदि जनता का सम्मान नहीं होता है तो मैं भी अब जनता के साथ ही नजर आऊंगा मुझे जनता ने चुना है और मैं जनता के साथ ही हूं भले ही सरकार उज्जैन उत्तर में उपचुनाव करवा ले।

