भोपाल/पांढुर्णा, 4 अक्टूबर 2026। पांढुर्णा जिले का विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को पांढुर्णा में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नवीन जिलों में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। जिले के युवाओं को उद्योग, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नए अवसर तैयार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांढुर्णा में उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ कृषि और स्किल डेवलपमेंट के कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। पशुपालन और दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को भी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांढुर्णा जिले का विकास किसी भी स्तर पर बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
पांढुर्णा जिले का विकास शासन की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में कहा कि पांढुर्णा सहित प्रदेश के सभी नवीन जिलों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से पूरा करना शासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नए जिले बनने के बाद वहां प्रशासनिक व्यवस्था के साथ सड़क, भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने पांढुर्णा जिले में स्वीकृत किए जा रहे नवीन निर्माण कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्माण कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
हनुमान लोक के अगले चरण के काम में तेजी के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में जामसांवली स्थित चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर के हनुमान लोक के अगले चरण के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की स्थिति जानी और कार्यों को तेज गति से पूरा कराने के निर्देश दिए। हनुमान लोक के विकास को क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
112 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे
बैठक में मुख्यमंत्री को पांढुर्णा जिले में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि जिले में अब तक करीब 112 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
इनमें सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा, सांदीपनि विद्यालय सौंसर, पुलिस कंट्रोल रूम पांढुर्णा और जामसांवली हनुमान लोक के प्रथम चरण का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है।
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सांदीपनी प्राथमिक शाला पांढुर्णा को स्कूल सर्टिफिकेशन योजना के तहत गोल्ड अवॉर्ड भी प्रदान किया गया है।
248 करोड़ रुपये के विकास कार्य निर्माणाधीन
पांढुर्णा जिले में वर्तमान में करीब 248 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य निर्माणाधीन बताए गए हैं। इनमें विभिन्न शासकीय कार्यालय, सड़क, पुल और नल-जल योजनाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने लोकहित परिसर में प्रस्तावित नवीन कलेक्टर कार्यालय भवन की योजना का भी अवलोकन किया।
हनुमान लोक से बढ़ी स्थानीय आय
बैठक में बताया गया कि हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद क्षेत्र की औसत मासिक आय में वृद्धि हुई है। जानकारी के अनुसार पहले जहां औसत मासिक आय करीब 25 लाख रुपये थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 60 लाख रुपये हो गई है।
हनुमान लोक के प्रथम चरण में 57 दुकानों की नीलामी से लगभग 11 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। बताया गया कि इस राशि का उपयोग मंदिर और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विकास तथा रखरखाव में किया जा रहा है।
युवाओं को उद्योग और स्वरोजगार से जोड़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पांढुर्णा के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे। इसके लिए उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे।
कृषि आधारित गतिविधियों, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
स्थानीय उत्पादों और महिला समूहों के हुनर की सराहना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांदीपनी स्कूल पांढुर्णा में आयोजित सेवा सेतु अभियान और सरकार आपके द्वार शिविर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।
उन्होंने स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों के काम और स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार हस्तशिल्प की सराहना की।
महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों ने लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट और टी-लाइट क्राफ्ट सहित विभिन्न हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए।
अचार, मसाले और टोमेटो सॉस जैसे उत्पादों का अवलोकन
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे अचार, टोमेटो सॉस और विभिन्न प्रकार के मसालों का अवलोकन किया।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बाजार से जोड़ने और इनके बेहतर प्रचार-प्रसार की संभावनाओं पर भी जानकारी ली।
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के स्टॉल पर प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियां, अनाज और हल्दी भी प्रदर्शित की गई।
सौर ऊर्जा योजना की भी ली जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऊर्जा विभाग और ऊर्जा विकास निगम के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
वन विभाग के स्टॉल पर प्रदर्शित आयुर्वेदिक और औषधीय उत्पादों की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने ली। उन्होंने स्थानीय वन एवं औषधीय संसाधनों से तैयार उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की।
उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरडोंगरी की छात्रा श्वेता साबले, विद्यार्थी दीपांशु पराड़कर और सांदीपनी स्कूल की छात्रा दिव्या करबे को स्कूटी प्रदान की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।
खेड़ीकला निवासी तुषार सुभाष काकड़े को ड्रिप इरिगेशन के लिए एक लाख रुपये की अनुदान राशि दी गई। भंदारगोंदी निवासी मोहन हिवसे को औजार अनुदान योजना का लाभ मिला।
मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर निवेश की बड़ी संभावनाएं, CM मोहन यादव ने कंपनियों से की चर्चा
इसके अलावा प्रधानमंत्री श्रम योगी पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, ब्रेल किट, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, बायो रिसोर्स सेंटर और आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
वृद्धजनों का सम्मान, बच्चों से किया आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा मेरा योगदान और सेवा सेतु अभियान में भी सहभागिता की। सांदीपनी स्कूल में “हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान” और “हमारे बच्चे, हमारा स्वाभिमान” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल हुए।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद वृद्धजनों का शॉल और श्रीफल से सम्मान किया तथा उन्हें फलों की टोकरी भेंट की। मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को ड्रॉइंग किट, मिठाई और चॉकलेट वितरित की तथा उनके साथ आत्मीय संवाद किया।
बैठक में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
Readmore अनूपपुर का योगदान मिलेट स्टेट बनाने में महत्वपूर्ण
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक की शुरुआत में छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड़, पांढुर्णा विधायक निलेश ऊईके और सौंसर विधायक विजय रेवनाथ चौरे ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में जबलपुर संभाग के आयुक्त धनंजय सिंह, आईजी जबलपुर प्रमोद वर्मा, कलेक्टर नीरज वशिष्ठ, डीआईजी राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

[…] […]