Breaking
25 Aug 2026, Tue

कोल्ड स्टोरेज सहित फसलोत्तर प्रबंधन संरचनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित

उज्जैऩ,04 अगस्त। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) के अंतर्गत फसलोत्तर प्रबंधन घटक में जिला उज्जैन के पात्र कृषकों से कोल्ड स्टोरेज, प्याज-लहसुन भंडार संरचना, फार्म गेट पैक हाउस, कोल्ड रूम एवं राइपनिंग चेम्बर की स्थापना के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

योजना का उद्देश्य उद्यानिकी फसलों के भंडारण, सफाई, छंटाई, ग्रेडिंग, पैकिंग तथा अस्थायी भंडारण की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाना एवं फसलोत्तर नुकसान को कम करना है।विभाग के अनुसार आवेदन के साथ विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर), बैंक अप्रेजल रिपोर्ट, बैंक ऋण स्वीकृति पत्र, इकाई स्थापना स्थल से संबंधित भूमि दस्तावेज तथा निर्धारित प्रारूप में आवश्यक घोषणा-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।

कोल्ड स्टोरेज स्थापना से जुड़े प्रकरणों में भवन निर्माण की अनुमति एवं निर्धारित तकनीकी दस्तावेज भी प्रस्तुत करना आवश्यक रहेगा।इच्छुक कृषक विभागीय पोर्टल https://mpfsts.mp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय अथवा उप संचालक, उद्यान कार्यालय, कोठी परिसर, उज्जैन में कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।

Readmore –

सीईओ जिला पंचायत द्वारा 146 विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *