उज्जैन, 17 जुलाई। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं बटालियन की उप-टीम ने शुक्रवार को उज्जैन के शासकीय सालिगराम तोमर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दौलतगंज में एक दिवसीय स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम (एसएसपी) आयोजित किया। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक (जीडी) श्रीनिवास मीना के नेतृत्व में छह सदस्यीय बचाव दल ने किया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न आपदाओं के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले जीवन रक्षक उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था।एनडीआरएफ की टीम ने आपदा प्रबंधन के अंतर्गत आपदा की अवधारणा, उसके प्रकार तथा एनडीआरएफ की भूमिका की जानकारी दी। साथ ही सीपीआर (CPR), एफबीएओ (FBAO), रक्तस्राव रोकने के उपाय, ड्रेसिंग एवं बैंडेजिंग जैसी जीवन रक्षक तकनीकों का प्रदर्शन किया।प्रतिभागियों को इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर तैयार करने, घायल व्यक्तियों को आपातकालीन एवं सामान्य परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने तथा फ्लोटिंग डिवाइस के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं, सांप के काटने पर प्राथमिक उपचार, आकाशीय बिजली से बचाव तथा अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग की भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान ‘दामिनी’, ‘फ्लड वॉच’ और ‘सचेत’ जैसे मोबाइल ऐप्स के बारे में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को अवगत कराया गया, ताकि आपदा संबंधी समय पर चेतावनी और आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सके।विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजेन्द्र पुरोहित की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में 21 स्टाफ सदस्य तथा 275 विद्यार्थियों सहित कुल 296 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने एनडीआरएफ के इस जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
Rad more :- सिंहस्थ अंतर्गत प्रचलित निर्माण कार्यों को समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें
महाविद्यालय में सीएलसी राउंड की तिथि 31 जुलाई तक बढ़ी
पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है – श्री पी.सी. गुप्ता
