उज्जैन,08 जून। उद्यानिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाते हुए ग्राम रुणिजा के प्रगतिशील किसान श्री तेजराम नागर ने कृषि को लाभकारी व्यवसाय में सफलतापूर्वक परिवर्तित कर दिया है। श्री तेजराम नागर ने उद्यानिकी विभाग के सहयोग से लगभग 3 एकड़ कृषि भूमि पर आधुनिक पॉलीहाउस का निर्माण किया। इसमें उन्होंने खीरा (ककड़ी) की उन्नत खेती शुरू की। लागत की तुलना में उन्हें 3 से 4 गुना अधिक लाभ प्राप्त हो रहा है। विभाग द्वारा मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (MIDH) योजना के अंतर्गत उन्हें 16 लाख 88 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। श्री तेजराम ने बताया कि एक एकड़ में औसतन 70 से 80 टन खीरे का उत्पादन हो रहा है। वे खीरे को 40 किलोग्राम की बॉक्स पैकिंग कर आस-पास के शहरों के साथ-साथ गुजरात के विभिन्न शहरों में भी भेज रहे हैं। उनके उत्पाद की बाजार में अच्छी मांग बनी हुई है। उन्होंने बताया कि उनके पास कुल लगभग 25 बीघा कृषि भूमि है, जिसमें मुख्य रूप से मिर्ची, प्याज तथा लहसुन की फसलें ली जाती हैं। पॉलीहाउस में खीरा-ककड़ी का उत्पादन हो रहा है। शासन की अन्य योजनाओं के तहत स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सिंचाई संयंत्र लगवाने में भी उन्हें अनुदान प्राप्त हुआ है। वे कुछ क्षेत्रों में जैविक खेती भी कर रहे हैं। पॉलीहाउस निर्माण के बाद एक सीजन में 8 से 10 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। वे वर्ष में दो फसलें ले रहे हैं। इस आधुनिक तकनीक ने उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। श्री तेजराम नागर ने उद्यानिकी विभाग द्वारा समय-समय पर दिए जा रहे मार्गदर्शन एवं MIDH योजना के अंतर्गत प्राप्त अनुदान के लिए विभाग तथा मध्यप्रदेश शासन का आभार व्यक्त किया है। उनकी यह सफलता अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
