उज्जैन : शुक्रवार, मई 22, 2026

उज्जैन, 22 मई। सिंहस्थ 2028 के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में मार्ग चौड़ीकरण कार्य निरंतर जारी है। शुक्रवार को सुबह नियमित निरीक्षण के अंतर्गत संभाग आयुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग में मलबा पड़ा होने से आवागमन में बाधा होने से संभागायुक्त श्री सिंह ने निगम अधिकारियों को अतिरिक्त टीम लगाकर मार्ग से तुरंत मलबा हटाने के निर्देश दिए है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा भी मौजूद रहे।सिंहस्थ 2028 के दौरान विश्व भर से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन शहर में होगा। भीड़ नियंत्रण को दृष्टिगत रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने कोयला फाटक चौराहा से निजातपुरा तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इस मार्ग पर निजातपुरा की ओर करीब 500 मीटर क्षेत्र बायीं साइट पर डीएलसी का कार्य किया गया है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मार्ग निर्माण के दौरान अतिरिक्त लेबर लगाकर एक साइट से कार्य पूर्ण किए जाएं, जिससे आवागमन में परेशानी नही हो।बारिश को देखते हुए नाले और नाली का काम शीघ्रता से पूर्ण करेनिरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने नगर निगम आयुक्त श्री मिश्रा को कंठाल चौराहा तक पानी निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के साथ ही सतीगेट गेट क्षेत्र में फैले मलबे को तत्काल उठाने के लिए अतिरिक्त टीम लगाने के निर्देश दिए है। संभागायुक्त ने कहा कि मलबा हटने के बाद कार्य में तेजी लाई जा सकेगी।ढाबारोड़ से श्री सत्यनारायण मंदिर तक निर्माणाधीन चौड़ीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित ईई हिमांशु तिवारी ने जानकारी दी कि साईट खाली होने पर करीब 50 मीटर क्षेत्र में नाली निर्माण और पोल शिफ्टिंग और पीएचई की लाईन का कार्य प्रगतिरत है। संभागायुक्त श्री सिंह ने ढाबा रोड़ चौराहे पर खुली नाली का गड्ढा होने से तत्काल गड्ढा को बंद कराने के साथ ही जहां भी सड़क पर गड्ढे है उन्हे चूरी आदि डालकर सुगम यातायात के लिए निर्देश दिए।खजूरवाली मस्जिद से कालियादेह गेट और जूना सोमवारिया तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि मार्ग के दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा है। संभागायुक्त श्री सिंह ने कार्य की गति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त टीम लगाने के निर्देश दिए है। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि बारिश के पहले तक कार्य तेजी गति से कर आवश्यक कार्यों को पूरा किया जाए। संभागायुक्त श्री सिंह ने तेलीवाड़ा चौराहा का निरीक्षण कर चौराहे के समीप नाली निर्माण का कार्य पूर्ण कर चौराहे को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।