ज्जैन : शुक्रवार, अप्रैल 17, 2026उज्जैन 17 अप्रैल। मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शुक्रवार को आठवें पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत सदावल स्थित स्वेज फार्म आंगनवाड़ी केंद्र का अवलोकन किया और यहां पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।मंत्री सुश्री भूरिया ने इस अवसर पर कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे महिलाओं का सशक्तिकरण हो रहा है तथा उन्हें रोजगार के नए अवसर प्रदान किया जा रहे हैं। महिलाएं गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार का सेवन करें ताकि नवजात शिशु स्वस्थ जन्म ले। आंगनवाड़ी केंद्र में कुपोषित बच्चों का विशेष ध्यान रखा जाए। महिलाएं अपने घर पर पौष्टिक मोटे अनाज से निर्मित व्यंजनों को अधिक से अधिक बनाएं और स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों का सेवन करें। बच्चों को अच्छी शिक्षा देने और उनकी अच्छी परवरिश करने की जिम्मेदारी केवल मां की नहीं बल्कि पूरे परिवार की होती है। हमारा निरंतर प्रयास है कि प्रदेश की महिलाएं, बहनें ,माताएं स्वस्थ रहें, प्रसन्न रहें और सशक्त बनें। वर्तमान में प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा संसद में लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण के अधिनियम पर चर्चा की जा रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी मध्य प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।मंत्री सुश्री भूरिया ने आंगनवाड़ी केंद्र पहुंच कर वहां बच्चों को बैग वितरित किए। मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत लगाई गई पौष्टिक आहार की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा वहां पर मोटे अनाज से निर्मित विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया। उनकेे द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में पोषण पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षर किए गए और पौधारोपण भी किया गया।मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडली बहन योजना, लाडली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत विद्यालयों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही कुपोषण से सुपोषण की ओर अभियान के अंतर्गत सुपोषित बच्चों रुद्र, आरती, आनंद को सम्मानित भी किया गया। मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा केंद्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका का भी सम्मान किया गया।उल्लेखनीय है कि यह केंद्र सीएसआर के नोबल स्वैच्छिक संगठन नोवैल सोशल फाउंडेशन द्वारा नवीनीकृत किया गया है। यह उज्जैन का पहला हैप्पी आंगनवाड़ी केंद्र है। संस्था के श्री आनंद दुबे ने बताया कि यहां पर संस्थान द्वारा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास सुरक्षा के लिए तार फेंसिंग, बच्चों के लिए झूले, खिड़कियों पर मॉस्किटो नेट, स्टोर रूम, हेल्थ चेकअप रूम, बच्चों के खिलौने, पढ़ने के लिए किताबें, किचन, बाथरूम, शौचालय और एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज करने के लिए सभी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हैं। इस केंद्र में कई प्रकार के नवाचार किए गए हैं। इसमें बच्चों के लिए स्टोरी डब्बा (कहानियों का पिटारा) भी है जिसमें बच्चों के लिए गुड़ियाएं और अन्य खिलौने रखे हुए थे। मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा इनका अवलोकन किया गया। इस दौरान ओएसडी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विशाल नाडकर्णी , जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री बृजेश कुमार त्रिपाठी, सीडीपीओ श्रीमती अर्चना दलाल, सुपरवाइजर श्रीमती वंदना गुप्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती ललिता पुरोहित, आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती जमुना खत्री स्थानीय महिलाएं व बच्चे उपस्थित थे।
महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा शहर के पहले हैप्पी आंगनवाड़ी केंद्र का अवलोकन किया गया
