संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने सिंहस्थ महापर्व के दौरान बनाए जाने वाले प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया
उज्जैन, संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने सोमवार सुबह में सिंहस्थ 2028 के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन पार्किंग के लिए प्रस्तावित स्थानों का निरीक्षण किया। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि पार्किंग स्थल से घाट तक आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पहुंच मार्ग सुगम और बाधारहित रखें जाएं। श्रद्धालुओं को शिप्रा घाट तक पहुंचने में कोई परेशानी नही हो। प्रमुख स्नान के दिनों के लिए वैकल्पिक पार्किंग का प्लान भी रखें, जिससे अधिक वाहनों के आने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर आयोजित होने वाले विश्व स्तरीय सिंहस्थ महापर्व 2028 को भव्य रूप दिया जा रहा है। करोड़ों श्रद्धालुओं को सहज, सुगम यातायात सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम के लिए प्रशासन की टीम कार्य कर रही है। सोमवार को संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने नियमित निरीक्षण के दौरान सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के अंतर्गत इंदौर-देवास की ओर से आने वाले वाहनों के लिए प्रशासन द्वारा प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राम गंगेडी, धरमबड़ला, सिकंदरी, दाऊदखेड़ी, हाटकेश्वर एवं गोठड़ा क्षेत्रों का दौरा कर वहां विकसित किए जाने वाले पार्किंग प्रबंधन की संभावनाओं का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने सभी प्रस्तावित पार्किंग स्थलों तक वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा कर पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं के शिप्रा नदी घाट क्षेत्रों तक सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन के लिए संभावित मार्गों एवं व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इस विषय पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया कि श्रद्धालु पार्किंग स्थल से शिप्रा घाट तक किस प्रकार सहज, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से पहुंच सकें। इसके लिए घाटों तक पहुंचने के मार्गों को सरल, सुगम एवं बाधारहित बनाने की योजना पर बल दिया गया, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के शांतिपूर्वक शिप्रा नदी में स्नान कर सकें। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल से घाट तक पहुंचने वाले मार्ग सुगम रखें जाएं, जिससे श्रद्धालुओं के घाट तक पहुंचने में कोई परेशानी नही हो। श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अधिकारी पार्किंग स्थल से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों की कनेक्टिविटी भी देख लेें। पार्किंग स्थल पर कौन से मार्ग जुड़ रहे है और प्रमुख मार्गों से पार्किंग स्थल प्रवेश और निकास की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ महापर्व पर पार्किंग एक मुख्य कार्य है इस पर सभी के समन्वय कर विस्तृत कार्य योजना जल्दी तैयार कर लें। सिंहस्थ की तैयारियों के साथ प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सिंहस्थ 2028 के दौरान आगंतुक श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन, पार्किंग एवं आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों के समन्वय से एक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित कार्य योजना तैयार की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस बार का सिंहस्थ महापर्व विश्व स्तरीय और आलौकिक है। सिंहस्थ के दौरान 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने और मोक्षदायिनी शिप्रा नदी में स्नान करने का अनुमान है। प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि इन व्यवस्थाओं के माध्यम से सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुगम अनुभव प्रदान किया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण सीईओ श्री संदीप सोनी, एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक श्री राजेश राठौर, यातायात डीएसपी श्री दिलीप परिहार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
