Breaking
22 Jul 2026, Wed

नवीन फुटपाथ निर्माण के दौरान आमजन की सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई जाए-संभागायुक्त श्री सिंह

संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने नानाखेड़ा क्षेत्र में फुटपाथ निर्माण और गोंसा से सिंहस्थ बायपास तक नवीन फोरलेन मार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया

उज्जैन, 21 जुलाई। सिंहस्थ-2028 के दौरान देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से बड़ी संख्या में उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास कार्य प्रगतिरत है। मंगलवार को सिंहस्थ मेला अधिकारी एवं संभागायुक्त श्री आशीष सिंह तथा कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने इंदौर रोड़ के नानाखेड़ा क्षेत्र में निर्माणाधीन फुटपाथ निर्माण कार्य और रंजीत हनुमान, गोंसा से सिंहस्थ बायपास तक नवीन फोर लेन मार्ग निर्माण कार्य का पैदल भ्रमण करते हुए निरीक्षण किया।    संभागायुक्त एवं मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को नियमित निरीक्षण के तहत इंदौर रोड़ नानाखेड़ा चौराहा पर आम जन की सुविधा के लिए निर्माणाधीन फुटपाथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि 600 मीटर क्षेत्र में फुटपाथ का निर्माण किया जा रहा है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देशित किया कि फुटपाथ पर आने जाने वाले नागरिकों की सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाकर सौंदर्यीकरण कार्य किया जाए। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखा जाए।     संभाग आयुक्त श्री सिंह ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर प्रोजेक्ट्स की प्रगति और मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। उन्होने कहा कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं ताकि सिंहस्थ के मुख्य आयोजनों से पहले व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हो सके। निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। सिहंस्थ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुगमता, सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर ही ढांचागत विकास किया जाए और कार्य की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।   कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *