Breaking
22 Jul 2026, Wed

उज्जैन जनसुनवाई: जमीन विवाद, नामांतरण और अतिक्रमण सहित कई मामलों पर अधिकारियों ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

उज्जैन, 14 जुलाई। शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने भूमि विवाद, नामांतरण, बंटवारा, अतिक्रमण एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

फर्जी नामांतरण निरस्त करने की मांग

बड़नगर निवासी संगीता ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम झितरखेड़ी स्थित उनकी पैतृक कृषि भूमि का परिवार के कुछ सदस्यों ने कथित रूप से छलपूर्वक बंटवारा कर फर्जी तरीके से अपने नाम नामांतरण करा लिया है। उन्होंने उक्त नामांतरण निरस्त करने की मांग की। इस मामले में एसडीएम राजस्व घट्टिया को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

कृषि भूमि के बंटवारे में देरी की शिकायत

बड़नगर निवासी गजेन्द्र यादव ने शिकायत करते हुए बताया कि ग्राम भेसलाकला स्थित उनकी कृषि भूमि के बंटवारे के लिए आवेदन देने के बावजूद अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इस पर तहसीलदार बड़नगर को मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण से रास्ता बंद, किसान ने लगाई गुहार

माकड़ौन निवासी देवीलाल ने आवेदन में बताया कि उनकी कृषि भूमि तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर गांव के कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर रास्ता बंद कर दिया है। इससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और फसल को भी नुकसान पहुंच रहा है। मामले में तहसीलदार माकड़ौन को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *