Breaking
17 Jun 2026, Wed

सांसद द्वारा नागदा में जनकल्‍याण अभियान के अंतर्गत शिविर का शुभारंभ किया गया

उज्जैन,15 जून। सांसद श्री अनिल फिरोजिया द्वारा सोमवार को नगदा में 03 दिवसीय जनकल्‍याण शिविर का शुभारंभ किया गया। उल्‍लेखनीय है कि विश्‍व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस के मध्‍य जन कल्‍याणकारी योजनाओं के क्रियान्‍वयन के लिए। विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के प्रत्‍येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्‍यालयों पर 03 दिवसीय जन कल्‍याण शिविर आयोजित किए जा रहे है। इसी गड़ी में नागदा में सांसद एवं अन्‍य जन प्रतिनिधियों द्वारा 03 दिवसीय शिविर का शुभारंभ किया गया।      सांसद श्री फिरोजिया ने इस अवसर पर कहा कि इस शिविर का मुख्‍य उद्देश्‍य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जन कल्‍याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्‍यक्तियों को लाभांवित करना है तथा आम जन की समस्‍याओं का त्‍वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्‍होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक संख्‍या में आकर शिविर का लाभ लें।      उल्‍लेखनीय है कि शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं के पात्र किंतु वंचित हितग्राहियों की विभागीय मेदानी अमले के सहयोग से पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण प्राथमिकता से किया जाएगा। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय हेतु पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उनका पंजीयन एवं निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। सी.एम. हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों का इंद्राज एवं निराकरण संबंधी कार्यवाही की जाएगी। जिले के समस्त विभागों के अधिकारी प्रत्येक शिविर में उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं, सेवाओं, शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर यथा संभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित करेंगे।विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल स्थापित कर योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पंजीयन एवं सेवा वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। शिविरों में लाभ वितरण, हितग्राही संवाद, सफलता की कहानियों का प्रस्तुतिकरण तथा योजनाओं के संबंध में जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। शिविर स्थल पर पर्याप्त छाया, पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था की जाएगी।      इस दौरान विधायक नागदा-खाचरौद डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, श्री राजेश धाकड़, श्री संतोष ओ.पी. गेहलोत, श्री सुभाषचंद्र शर्मा, श्री विजय पटेल, श्री प्रकाश जैन एवं अन्‍य गणमान्‍य नागरिक तथा संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *