Breaking
17 Jun 2026, Wed

संवेदनशील और प्रभावी बाल संरक्षण के लिए तैयार होंगे सीडब्ल्यूसी सदस्य

भोपाल : रविवार, जून 14, 2026 बाल संरक्षण तंत्र को अधिक संवेदनशील, प्रभावी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मध्यप्रदेश के 19 जिलों के बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के नवनियुक्त अध्यक्षों एवं सदस्यों के लिए 13 दिवसीय आवासीय इंडक्शन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत स्वायत्त संस्था सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान (SPNIWCD) द्वारा आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में किया गया।

एक से 13 जून 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण में मध्यप्रदेश के 19 जिलों भोपाल, मंडला, डिंडोरी, भिंड, देवास, इंदौर, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, दतिया, हरदा, बालाघाट, दमोह, नर्मदापुरम, अनूपपुर, अशोकनगर, गुना, विदिशा और सीहोर से कुल 36 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015, बाल अधिकारों, बाल संरक्षण तंत्र, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन प्रक्रियाओं तथा बाल कल्याण समितियों की वैधानिक जिम्मेदारियों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी, राजकीय बाल संरक्षण एवं मातृशक्ति बालिका गृह, एसओएस चिल्ड्रेन विलेज तथा ओपन शेल्टर होम का अध्ययन भ्रमण भी कराया गया।

उल्लेखनीय है कि सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान देश में महिला एवं बाल विकास क्षेत्र में प्रशिक्षण, अनुसंधान, परामर्श एवं प्रलेखन की अग्रणी संस्था है। यह मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं मिशन वात्सल्य के अंतर्गत राष्ट्रीय नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करते हुए बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से जुड़े मानव संसाधनों के क्षमता संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *