उज्जैन, । उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास से प्राप्त जानकारी अनुसार खरीफ फसलों की बोनी की तैयारी के लिए जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान स्थिति में लगभग 13817 मे.टन यूरिया, 11431 मे.टन डीएपी, 9201 मे.टन एनपीके, 9403 मे.टन एसएसपी खाद उपलब्ध है। विषम वैश्विक परिस्थितियों के उपरांत भी सरकार द्वारा जिले में उर्वरको की आपूर्ति निर्बाध तथा तय कार्यक्रम अनुसार निरंतर की जा रही है। जिले में उक्त उपलब्ध खाद सोसायटीवार, मार्कफेड के डबल लॉक केंद्रवार, निजी दुकानवार ई-विकास पोर्टल पर उपलब्ध है। किसान भाइयों से अनुरोध है कि आप अपनी आवश्यकतानुसार खाद अपनी सोसायटी /मन पसंद दुकान से ई-विकास पोर्टल के माध्यम से बुकिंग कर खाद प्राप्त कर सकते है। ई-विकास प्रणाली में राजस्व पट्टाधारी, सिकमी किसान, शारीरिक रूप से अक्षम किसान, वृद्ध किसान, मृतक किसान के वारिसान को धार्मिक संस्थान / ट्रस्ट आदि की जमीन के लिए खाद उपलब्ध कराने के लिए भी सुविधा दी गयी है। किसानों को खरीफ की फसलों की बोनी के लिए फसलों की अनुशंसित खाद की मात्रा अनुसार यूरिया, एसएसपी, एनपीके, डीएपी, पोटाश खाद की पूर्ण मात्रा को एक बार में ही प्राप्त कर सकते है। यदि किसान चाहे तो पुनः पोर्टल पर प्रक्रिया का पालन कर अपनी मर्जी अनुसार खाद बुक कर अपनी सुविधानुसार प्राप्त कर सकते हैं। एक बार उर्वरक प्राप्त करने के बाद यदि किसान को अतिरिक्त खाद की आवश्यकता हो तो ई-विकास पोर्टल से अतिरिक्त खाद लेने का विकल्प भी है। किसान अपनी सुविधा अनुसार उर्वरक का उठाव कर सकते है।