उज्जैन : मंगलवार, मई 5, 2026,

उज्जैन, 5 मई। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को निर्माणाधीन संयुक्त प्रशासनिक भवन और गीता भवन का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने दोनों भवन के आस-पास पेड़ बचाकर निर्माण कार्य करने के साथ ही भवन निर्माण के बाद परिसर में नीम, पीपल जैसे बड़े पेड़ों के पौधारोपण करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेने के बाद कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शहर में बहुमंजिला प्रशासनिक भवन निर्माण की सौगात दी गई है। पुलिस कंट्रोल रूम के सामने बनने वाला संयुक्त प्रशासनिक भवन मध्यप्रदेश का पहला ऐसा संयुक्त भवन होगा जिसमें कलेक्टर, एसपी कार्यालय के साथ ही अन्य विभागों के लिए भी कार्यालय रहेंगे। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने मंगलवार को सुबह माधव नगर क्षेत्र पुलिस कंट्रोल रूम के सामने निर्माणाधीन संयुक्त प्रशासनिक भवन का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माण एजेंसी बीडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले समय में वर्षा ऋतु प्रारंभ हो जाएगी। ऐसे में भवन निर्माण स्थल पर जल भराव की समस्या नही हो इसके लिए बारिश के पहले भूतल स्तर के निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए कार्य की गति बढ़ाई जाए। मौके पर जानकारी दी गई कि करीब 4500 स्क्वेयर मीटर क्षेत्र में बहुमंजिला इमारत का निर्माण किया जाएगा। भवन परिसर में तीन स्तर पर मल्टीलेवल पार्किंग एरिया निर्धारित किया है। बहुमंजिला भवन में कार्यालयों के साथ ही बैठक कक्ष, वीसी रूम, केंटीन, लिफ्ट और अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रहेगी। मौके पर जानकारी दी गई कि बहुमंजिला भवन का निर्माण सितंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्माण में उपयोग होने वाले लोहे के सरिए की गुणवत्ता की जानकारी ली कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान देवासरोड़ पर शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के समीप निमार्णाधीन गीता भवन का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने मौके पर निर्माण में उपयोग आने वाले सरिए की स्थिति देखी और निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्रियों की जानकारी लेकर निर्माण में गुणवत्ता रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभागृह और पार्किंग एरिया, मुख्य द्वार का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी को कार्य तेज गति से करने के लिए लेबर बढ़ाने के निर्देश दिए। विभागीय इंजीनियर के साइट पर मौजूद नही होने पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने कहा कि समय सीमा में कार्य नही होने पर पैनल्टी लगाएंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर गीता भवन का निर्माण 5.11 एकड़ में किया जा रहा है। यह भवन जी प्लस टू निर्मित किया जाएगा। गीता भवन एक आधुनिक मंच है, जहां अध्ययन, चिंतन, शोध और सांस्कृतिक विमर्श के माध्यम से भारतीय दृष्टि को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। ये भवन अध्ययन, चिंतन और संवाद का जीवंत केंद्र रहेगा।