Breaking
5 Jun 2026, Fri

पार्किंग के लिए जरूरी है अधिक जगह हो और मेला व घाट तक न्यूतम पैदल दूरी तय करना पङे

सिंहस्थ 2028: महापर्व के दौरान पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन के लिए व्यापक कार्य योजना तैयार करने के लिए बैठक आयोजित

उज्जैन :

उज्जैन, 1मई। सिंहस्थ 2028 महापर्व के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए पार्किंग प्लानिंग एवं यातायात प्रबंधन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन तथा प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ ही पार्किंग से मेला क्षेत्र तक पहुंचने के लिए न्यूनतम पैदल दूरी तय करना पड़ें इस तरह की विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

        बैठक में सिंहस्थ 2028 के दौरान पार्किंग की व्यवस्था का प्लान तैयार करने वाले अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को न्यूनतम पैदल दूरी तय करनी पड़े। इसके लिए मेला क्षेत्र के आसपास उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर व्यवस्थित एवं पर्याप्त क्षमता वाली पार्किंग विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

     बैठक में यातायात के सुचारू संचालन के लिए ट्रैफिक सकुर्लेशन प्लान को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ढंग से तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि अप्रिय स्तिथि उत्पन्न न हो तथा आपातकालीन सेवाओं का आवागमन निर्बाध रूप से बना रहे। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि पार्किंग स्थलों से मेला क्षेत्र तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बसों के संचालन, रूट प्लानिंग, आवृत्ति एवं ठहराव स्थलों का निर्धारण इस प्रकार किया जाए कि यात्रियों को अधिकतम सुविधा प्राप्त हो तथा समय की बचत हो।

       बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सिंहस्थ महापर्व के लिए कार्य करने वाले सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पार्किंग एवं परिवहन व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप दें, जिससे सिंहस्थ 2028 के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित अनुभव प्रदान किया जा सके।

     सिंहस्थ मेला कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान डीआईजी श्री नवनीत भसीन, एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक श्री राजेश राठौर, उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री संदीप सोनी, यातायात डीएसपी श्री दिलीप परिहार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *