
उज्जैन, 1 मई। संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने शुक्रवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में सिंहस्थ 2028 के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा बैठक ली। संभागायुक्त ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रचलित कार्यों की साइट पर उपस्थित रहने वाले अधिकारी प्रतिदिन कार्य प्रगति की जानकारी के साथ फोटो पोर्टल पर अपलोड अवश्य करें और निर्माणाधीन कार्यों को पूरा करने के लिए गति बढ़ाएं।
समीक्षा बैठक में विभागों द्वारा कार्य प्रगति की जानकारी दी गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने लोनिवि के अधिकारियों को हरिफाटक से लालपुल तक मार्ग निर्माण का कार्य बारिश के पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही संभागायुक्त श्री सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक-एक दिन महत्वपूर्ण है इसलिए कार्य स्थल पर अधिकारी प्रतिदिन की कार्य प्रगति की जानकारी के साथ प्रगतिरत कार्य के फोटो पोर्टल पर अवश्य अपलोड करें और बारिश के पहले ग्राउंड लेबल के कार्यों को पूरा कर लें, जिससे बारिश के दौरान कार्य प्रभावित ना हो। साथ ही सभी विभाग निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
बैठक में नगर निगम, उज्जैन विकास प्राधिकरण, स्मार्ट सिटी, भू-अर्जन, जल संसाधन, मप्रपक्षेविविकंलि, लोक निर्माण विभाग, सिंहस्थ डिवीजन, पीआईयू, सेतू, राष्ट्रीय राजमार्ग, सड़क विकास निगम, रोपवे निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।