Breaking
20 Apr 2026, Mon

कलेक्‍टर श्री सिंह ने युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का शुभारंभ किया

07 दिवसीय प्रशिक्षण में तैयार किए जाएंगे 800 युवा आपदा मित्र वॉलेन्टियर्स

उज्जैन : मंगलवार, मार्च 24, 2026,

उज्जैन,24 मार्च। मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गृह विभाग म.प्र. शासन के निर्देशानुसार जिला होमगार्ड कार्यालय में युवा आपदा मित्र योजना के अन्तर्गत द्वितीय सत्र का 07 दिवसीय प्रशिक्षण एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) व युवा भारत के 165 प्रशिक्षणार्थियों को होमगार्ड लाइन में आयोजित किया जा रहा है। जिसके प्रथम दिवस पर स्वयंसेवकों का रजिस्ट्रेशन किया गया। प्रशिक्षण के शुभारंभ कार्यक्रम में मंगलवार को कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कलेक्‍टर श्री सिंह का स्वागत डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड श्री संतोष कुमार जाट ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।उल्‍लेखनीय है कि 07 दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का शुभांरभ मंगलवार को किया गया। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने आपदा मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षित आपदा मित्रों की आगामी सिंहस्थ-2028 में कानून एवं घाट व्यवस्था  ड्यूटी में आवश्यकता होगी। उम्मीद है कि सिंहस्थ कार्यों को सफल बनाने में आपदा मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। साथ ही उन्‍होंने यह भी कहा कि यदि आपके समक्ष कोई रोड दुर्घटना होती है तो घायल व्यक्ति को एक मित्र की भांति अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। आपदा मित्र में महिला सदस्य भी बढ़ चढ़ कर भाग ले रहीं हैं, जो कि अत्यंत प्रशंसनीय है।कलेक्‍टर श्री‍ सिंह द्वारा इस अवसर पर होमगार्ड विभाग द्वारा रामघाट पर किये जा रहे बचाव कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के सैनिक, देश दुनिया से रामघाट पर स्नान करने आये लोगों की स्नान के दौरान दुर्घटना के समय जान बचाते हैं। यह होमगार्ड के द्वारा की जाने वाली मानवता की सेवा है, इसके लिये होमगार्ड विभाग प्रशंसा व बधाई का पात्र है। इसके पश्चात कलेक्‍टर श्री सिंह द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आपदा मित्रों को आपदा प्रबंधन किट प्रदाय की गई।इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट श्री संतोष कुमार जाट ने बताया कि केन्द्र की युवा आपदा मित्र योजना के तहत प्रथम सत्र में 165 युवा आपदा मित्रों को विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिये तैयार किया गया है। यह इस प्रशिक्षण श्रृंखला का द्वितीय सत्र है। जिसमें 165 युवा आपदा मित्रों को प्राकृतिक, मानवजनित आपदाओं के दौरान बचाव के बारे में 07 दिवस का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण अवधि में आपदा मित्रों को बाढ, भूकंप, भू-स्खलन, आगजनी सहित भगदड जैसी घटनाओं को रोकना सिखाया गया। जिले के कुशल प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं। इन आपदा मित्रों को आगामी अनिश्चित आपदाओं से निपटने के लिये मानसिक रूप से भी तैयार किया जा रहा है। इसी प्रकार निर्धारित लक्ष्य अनुसार 800 युवा आपदा मित्र वॉलेन्टियर्स को प्रशिक्षित कर तैयार किया जाना है। जो आगामी सिंहस्थ-2028 एवं जिले में आने वाली आपदाओं में मददगार होगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *