हरिफाटक ब्रिज चौडीकरण कार्य का संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण किया
उज्जैन : मंगलवार, मार्च 24, 2026 उज्जैन,24 मार्च। सिंहस्थ 2028 के तहत शहर के महत्वपूर्ण हरिफाटक ओवर ब्रिज का चौडीकरण कार्य प्रारंभ किया गया है। मंगलवार को चौडीकरण कार्य का निरीक्षण करने के लिए संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचे। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ के अंतर्गत प्रचलित निर्माण कार्यों में समयसीमा का ध्यान रखते हुए गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्यों को तेजी से कराया जाना सुनिश्चित करें। सिंहस्थ 2028 के तहत हरिफाटक ओवर ब्रिज के चौडीकरण कार्य के दौरान ओवर ब्रिज के नीचे स्थित शासकीय उर्दू प्राथमिक विद्यालय भवन की जमीन पर निर्माण कार्य होना है। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने मौके पर निर्देश दिए कि प्राथमिक विद्यालय भवन के लिए ब्रिज के नीचे ही सामने स्थित शासकीय उर्दू उ.मा.वि. के समीप परिसर में नवीन कक्षों का निर्माण कर प्रायमरी विद्यालय शिफ्ट किया जाए। हरिफाटक ब्रिज चौडीकरण कार्य को लेकर जानकारी दी गई कि हरिफाटक ब्रिज शहर का एक महत्वपूर्ण रेल्वे ओवर ब्रिज है, जो कि इंदौर-उज्जैन 6 लेन मार्ग, गऊघाट (पुराने उज्जैन-बड़नगर मार्ग), उज्जैन-आगर मार्ग तथा महाकाल मंदिर/गोपाल मंदिर जाने वाले मार्गों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण ब्रिज है। वर्तमान में उक्त ब्रिज टू-लेन है। महाकाल लोक निर्माण के बाद से इस ब्रिज पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। सिंहस्थ 2028 की दृष्टि से भी यह इस ब्रिज का चौडीकरण अत्यंत आवश्यक है। निर्माणाधीन इंदौर-उज्जैन 6 लेन मार्ग के अंतिम बिन्दु से 1 नवीन फोरलेन आर.ओ.बी. का निर्माण किया जाना है।निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि परियोजना के अंतर्गत मुख्य भुजा 4 लेन चौडीकरण किया जाना है, जिसकी लम्बाई 980 मीटर होगी, जो बेगमबाग होते हुए नीलकंठ द्वार क्र. 3 के समीप समाप्त होगी। तथा बेगमबाग में 510 मीटर लम्बाई में दोनों तरफ सर्विस रोड़ प्रस्तावित है। इसी ब्रिज पर पूर्व से निर्मित त्रिवेणी संग्रहालय/महाकाल लोक तरफ की भुजा पर एक अतिरिक्त टू-लेन भुजा लम्बाई 366 मीटर प्रस्तावित है, जिससे त्रिवेणी संग्रहालय/महाकाल लोक से हरिफाटक पुल तक फोरलेन मार्ग उपलब्ध हो जाएगा।निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ की दृष्टि से हरिफाटक ब्रिज चौडीकरण का कार्य महत्वपूर्ण है। समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य तेज गति से पूर्ण करने का लक्ष्य रखें। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य एजेंसी के साथ कार्य कराने वाले विभाग के अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहकर कार्य की मॉनीटरिंग करते हुए समय सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।मार्ग चौडीकरण के प्रचलित कार्यों में बारिश के पहले नाली निर्माण एवं पेयजल पाइप लाइन जोड़ने का कार्य पूर्ण करें सिंहस्थ 2028 के तहत शहर में मार्ग चौडीकरण के कार्य प्रगतिरत है। मंगलवार को संभागायुक्त श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने कंठाल चौराहा से छतरी चौक तक मार्ग चौडीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु शुरु होने के पहले मार्ग चौडीकरण कार्य के दौरान नाली निर्माण करने और पेयजल के लिए पाइप लाइन जोडने का कार्य पूर्ण कर ले। जिससे बारिश के दौरान निर्माण कार्यस्थल पर जल जमाव की स्थिति नहीं बनेगी। प्राथमिकता के साथ यह कार्य किया जाए। संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने पैदल भ्रमण करते हुए गोपाल मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान गोपाल मंदिर के समीप पुराने रीगल टॉकीज की भूमि पर निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण कर संबंधित एजेंसी को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने बियावानी चौराहा से तेलीवाड़ा चौराहे तक मार्ग चौडीकरण कार्य का निरीक्षण कर निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी को निर्देश दिए कि एक बार में ही मार्ग के दोनों और नाली निर्माण करने और पेयजल पाइप लाइन का कार्य पूरा किया जाए, जिससे रहवासियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो।