उज्जैन : शनिवार, फरवरी 21, 2026 उज्जैन, 21 फरवरी। सिंहस्थ 2028 महापर्व के लिए निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने तथा रेलवे संबंधी कार्यों के लिए रेल विभाग से समन्वय एवं आवश्यक अनुमतियों के संबंध में चर्चा के लिए संभागायुक्त सह मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने शनिवार को रेल्वे अधिकारियों के साथ बैठक लेकर प्रक्रियाओं को गति दी। मेला अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ के कार्यों में जहां भी रेलवे विभाग के माध्यम से अनुमति ली जाना है उसकी प्रक्रिया पूर्ण कर कार्यों में तेजी लाएं।कलेक्टर कार्यालय के सभागार में रेलवे संबंधी कार्य, समस्याओं की जानकारी के लिए आयोजित बैठक में रेलवे की ओर से एडीआरएम श्री केएल मीणा, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, एसपी श्री प्रदीप शर्मा, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री गोपाल डाड, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।बैठक में बताया गया कि जल संसाधन विभाग के माध्यम से सेवर खेड़ी-सिलारखेड़ी परियोजना में पाईप लाईन को उज्जैन-देवास रेलवे लाईन क्रास किया जाना है जिसकी अनुमति रेलवे विभाग से प्राप्त की जाना है। इसी तरह फ्रीगंज में निर्माणाधीन आरओबी कार्य में फेवरीकेशन कार्य स्ट्रेक्चर की डिजाईन रेलवे विभाग मुबंई से होना है। बैठक में रेलवे एडीआरएम श्री मीणा ने कहा कि जो भी अनुमति ली जाना है उसके संबंध में संबंधित कार्यालय के साथ ही उन्हे भी अवगत कराया जाए जिससे समय पर अनुमति प्राप्त हो सके। बैठक में बताया गया कि रेलवे विभाग की ओर से मार्ग चौड़ीकरण कार्य के लिए अनापत्ति प्राप्त होना है।बैठक में मेला अधिकारी श्री सिंह ने सिंहस्थ का कार्य करने वाले सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में जो निर्देश दिए है उसके अनुसार अब सिंहस्थ के लिए किए जा रहे कार्यों का काउंट डाउन शुरू हो गया है। विभागीय अधिकारी अन्य विभागों के साथ आपसी समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाएं। मेला अधिकारी श्री सिंह ने कहा कि सिंहस्थ के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की समय सीमा तय कर पूर्ण होने की तिथि बताएं। बैठक में शिप्रा ब्रिज के दोनों और दीवार निर्माण, रेलवे स्टेशन से कनेक्टीविटी के लिए सड़कों के निर्माण, अंडरपास निर्माण, पंवासा, मोहनपुरा, नईखेड़ी और चिंतामन रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों को लेकर मेला अधिकारी श्री सिंह ने रेलवे के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
सिंहस्थ के निर्माणाधीन कार्यो के लिए रेलवे से समन्वय कर समय सीमा में कार्य पूर्ण करें- संभागायुक्त सह मेला अधिकारी श्री सिंह
