उज्जैन : मंगलवार, फरवरी 10, 2026, उज्जैन,10 फरवरी। मंगलवार को सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन स्थित कलेक्टर कार्यालय सभागार में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों से प्राप्त प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।जनसुनवाई के दौरान ग्राम भाटखेड़ी तहसील खाचरौद निवासी श्री गोविंद पिता चंदाजी बागरी ने आवेदन दिया कि शासन की प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजनान्तर्गत मकान निर्माण के लिए पहली किस्त 25000 रुपए मिले है। इसके बाद दूसरी और तीसरी किस्त नही मिलने से मकान निर्माण में परेशानी हो रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष राशि दिलाई जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम खाचरौद को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।ग्राम नागूखेड़ा तहसील तराना निवासी श्री शिवसिंह पिता श्री शंकर लाल ने आवेदन दिया कि ग्राम में उनके स्वामित्व एंव आधिपत्य की कृषि भूमि राजस्व रिकार्ड में दर्ज है, लेकिन नक्शे में बटांकन नही किया गया। निवेदन किया गया है कि कृषि भूमि का बटांकन किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम तराना को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।जयसिंहपुरा उज्जैन निवासी श्री गुरूप्रीत कौर पिता श्री रघुवीर सिंह ने आवेदन दिया कि क्षेत्र में उनके द्वारा छोटी दुकान लगाई जाती है। नगर निगम की टीम ने दुकान का सामान जप्त कर लिया है। निवेदन किया है कि दुकान का सामान वापस दिलाया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने कार्यवाही के लिए नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए।ग्राम बागनी तहसील झारड़ा निवासी श्री मदनलाल चौहान पिता स्व. अनार जी चौहान ने आवेदन दिया कि ग्राम लसुडिया नाटा में स्थित उसके स्वामित्व की भूमि का नक्शा सुधारने के लिए आवेदन दिया था। नक्शा सुधारने को लेकर कोई कार्यवाही नही की गई। निवेदन किया है कि उनकी भूमि का नक्शा सुधारा जाए। कलेक्टर ने महिदपुर एसडीएम को कार्यवाही के लिए निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट, एडीएम श्री अत्येंद्र सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आवेदकों के आवेदन पर सुनवाई की।
