भोपाल। टीबी उन्मूलन अभियान मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि टीबी उन्मूलन के प्रयासों के साथ नशा मुक्त भारत अभियान को भी जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं और बच्चों को नशे के आर्थिक, सामाजिक और मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। राज्यपाल बुधवार को एमपी स्टेट टीबी एसोसिएशन के 77वें टीबी सील अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने किया 77वें टीबी सील अभियान का शुभारंभ
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने टीबी उन्मूलन और नशा मुक्ति को स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित नशा मुक्त भारत अभियान को टीबी उन्मूलन के कार्यक्रमों के साथ जोड़कर जनजागरूकता को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
राज्यपाल ने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों को घर से ही नशे से दूर रहने के संस्कार दें। बच्चों और युवाओं को संयमित जीवनशैली, पौष्टिक आहार और समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जाना चाहिए।
टीबी मरीजों की जांच, उपचार और निगरानी को प्राथमिकता
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रत्येक मरीज की जांच, उपचार और नियमित निगरानी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हर टीबी मरीज तक बीमारी से संबंधित सही जानकारी, जरूरी दवाइयां और पौष्टिक आहार उपलब्ध हो।
उन्होंने टीबी मरीजों को सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को लगातार और व्यापक स्तर पर संचालित करना जरूरी है।
टीबी उन्मूलन में स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका अहम
राज्यपाल ने टीबी सील अभियान से जुड़े सदस्यों और स्वयंसेवी संस्थाओं से टीबी उन्मूलन के लिए समर्पण भाव से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टीबी से पीड़ित लोगों की सहायता करना मानवता की सेवा है और ऐसे प्रयास समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने टीबी सील अभियान के सहयोग के लिए 11 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।
टीबी सील अभियान की जागरूकता किट का लोकार्पण
Readmore आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में एड्स कार्यक्रम की समीक्षा, HIV जांच और उपचार पर जोर
कार्यक्रम में एमपी स्टेट टीबी एसोसिएशन के चेयरमैन जयपाल सचदेव ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल का पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर टीबी सील अभियान की जानकारी और जागरूकता से संबंधित किट का लोकार्पण किया।
चेयरमैन जयपाल सचदेव ने टीबी सील अभियान और इसमें किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अभिजीत देशमुख ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, लोकभवन के अधिकारी, एमपी स्टेट टीबी एसोसिएशन के पदाधिकारी और टीबी सील अभियान से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
