
उज्जैन, 05 जून। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पी.सी. गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में पौधारोपण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में श्री पी.सी. गुप्ता द्वारा जिला न्यायालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने उपस्थित न्यायाधीशगण, अधिवक्ताओं, पैरालीगल वालंटियर्स, न्यायालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है तथा पर्यावरण संरक्षण हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम में न्यायाधीशगण श्री संजीव कुमार गुप्ता, श्री राकेश कुमार शर्मा, श्री सुशील कुमार जोशी, श्री हेमन्त सविता, श्री हीरालाल अलावा, श्री अनुराग शर्मा, श्रीमती सोनाक्षी शर्मा, सुश्री सृष्टि पटेल एवं अन्य न्यायिक मजिस्ट्रेटगण तथा न्यायालयीन कर्मचारीगण, एलएडीसीएस स्टाफ एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण ने पौधारोपण कर सहभागिता की।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए उज्जैन शहर के विभिन्न दूरस्थ स्थानों पर पैरालीगल वालंटियर्स के सहयोग से लगभग 5000 पौधे रोपित किए जाने हैं तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं, जिससे आमजन में विधिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित हो सके।