उज्जैन,22 मई। प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 15 मई को गंगा दशहरा पर्व पर जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।आदेश के तहत गंगा दशहरा पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के मुख्यतः दो अवयव होंगे। प्रथम अवयव के तहत व्यापक जन सहयोग से जल संरक्षण और संवर्धन कार्यों का क्रियान्वयन एवं तत्पश्चात द्वितीय अवयव के तहत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों यथा – सांसद, विधायक और नगरीय निकायों / पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। जल संरक्षण और संवर्धन कार्यों के क्रियान्वयन के लिए जन समुदाय, जन प्रतिनिधियों तथा अन्य संगठनों के सहयोग से सामूहिक श्रमदान और योगदान (उदाहरण के तौर पर मशीने, मशीनों हेतु ईंधन, परिवहन इत्यादि) का नियोजन कर कुंओं, नहरों तथा पुरानी जल संग्रहण संरचनाओं जैसे बावड़ी और तालाब इत्यादि का जीर्णोद्धार तथा साफ सफाई कार्य, घाटों की साफ सफाई कार्य, पूर्व निर्मित बोरवेल / ट्यूबवेल (जिनका उपयोग भूजल दोहन हेतु होता था परन्तु वर्तमान में भूजल स्तर नीचे जाने से उपयोग में नहीं आ रहे हैं) पर रिचार्ज पिट का निर्माण किया जाएगा।उपरोक्त अनुसार जल संरक्षण और संवर्धन कार्यों के क्रियान्वयन के पश्चात गंगा दशहरा आधारित सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में तथा प्रत्येक नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड में उपयुक्त कार्यों का समय सीमा में चयन कर प्रचारित किया जाएगा ताकि इसके संबंध में जन सहभागिता हेतु आह्वान किया जा सके।कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जारी निर्देशानुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन सहभागिता से जल संरक्षण और संवर्धन कार्यों का क्रियान्वयन करना है अतः गंगा दशहरा के अवसर पर सामूहिक श्रमदान / योगदान द्वारा जल संरक्षण और संवर्धन कार्यों के क्रियान्वयन में जन प्रतिनिधिगण, जिले में सभी विभागों के अधिकारी /कर्मचारी, गणमान्य नागरिकों, व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों, स्वयं सेवी संगठनों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों और सामुदायिक संगठनों जैसे महिला स्व सहायता समूहों इत्यादि की सहभागिता सुनिश्चित की जाये।जिले में विभागवार / नगर निगम / नगर पालिका/नगर परिषद / जनपद क्षेत्र में न्यूनतम 4 से 5 ऐसे कार्य क्रियान्वित किये जायें जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जा सके। उक्त कार्यो का चिन्हांकन कर कार्यों की सूची, फोटोग्राफ, विडियोग्राफी एवं विवरण सहित कार्यालय जिला पंचायत को प्रेषित की जावे। कार्यक्रम के आयोजन हेतु ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत तथा नगरीय क्षेत्र में जहां नगर निगम है वहां आयुक्त, नगर निगम तथा जहां नगर निगम नहीं है वहां परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास प्राधिकरण नोडल अधिकारी होंगे। उक्त कार्यक्रम के संबंध में की गई कार्यवाही संबंधी विवरण व फोटो एवं वीडियो मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद, भोपाल को ई-मेल jcp-mpsegc@mp-gov-in एवं व्हाट्सऐप नंबर 9826079759 पर उपलब्ध कराएं। एवं जिला स्तर पर श्री मुकेश मसानी, वरि.डाटा मेनेजर जिला पंचायत उज्जैन मोबाईल नम्बर 9691965604 पर भी उपलब्ध कराया जावे।उक्त कार्यक्रम की जियोटेग फोटो जल संचय जन भागीदारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करते हुए स्थानीय समाचार पत्रों में प्रचार-प्रसार किया जावे। संपूर्ण अभियान इस तरह से नियोजित किया जावें, कि यह अभियान समाज और सरकार की साझेदारी से जल संरक्षण व संवर्धन का जन आंदोलन बन सकें।