इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में करंट लगने से 13 साल की छात्रा की मौत हो गई। पुलिस जांच में लापरवाहीपूर्ण बिजली कनेक्शन सामने आने के बाद तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।घटना 25 अप्रैल की है। पुलिस के मुताबिक सुखनिवास निवासी मान्या पुत्री संतोष भाटी की मौत टेंट में फैले करंट की चपेट में आने से हुई। जांच में सामने आया कि टेंट में बिजली कनेक्शन लापरवाही से लगाया गया था। कटे-फटे तारों का किया गया उपयोग पुलिस जांच में पता चला कि कार्यक्रम स्थल पर पुराने और कटे-फटे तारों का उपयोग किया गया था। इसी वजह से करंट टेंट के पाइप में फैल गया और मान्या उसकी चपेट में आ गई। माता पूजन कार्यक्रम में हुआ हादसा परिजनों ने बताया कि आरोपी पक्ष इलाके में भजन संध्या और माता पूजन का कार्यक्रम करा रहा था। कार्यक्रम के दौरान खुले बिजली तारों का उपयोग किया गया था। परिजनों के अनुसार कुछ लोगों ने आरोपियों को तार जोड़ने के तरीके पर टोका भी था। इसके बावजूद उन्होंने सावधानी नहीं बरती। खेलते समय करंट की चपेट में आई बच्ची घटना के समय मान्या अपने छोटे भाई और अन्य बच्चों के साथ वहां खेल रही थी। इसी दौरान उसे करंट लगा और वह गिर गई। मान्या के छोटे भाई ने घर पहुंचकर मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मान्या आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। उसके पिता प्रॉपर्टी का काम करते हैं। तीन आरोपियों पर दर्ज हुआ केस, पुलिस ने जांच के बाद सुभाष सोनाने निवासी नार्थ मोहल्ला, श्रवण परमार और विनोद राठौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।