Breaking
18 Apr 2026, Sat

आज एक अप्रैल से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र और स्कूल चलें हम अभियान

जिले का मुख्य कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. माधवनगर में

उज्जैन, उज्जैन जिले में नवीन शिक्षण सत्र वर्ष 2026-27 एक अप्रैल से शुरू होगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इसे “स्कूल चलें हम” अभियान के रूप में मनाया जाएगा। यह 4 अप्रैल तक चलेगा। अभियान में 4 अप्रैल तक प्रतिदिन शालाओं में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जिले का मुख्य कार्यक्रम आज एक अप्रैल को सांसद , विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुबह 9.45 बजे से शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. माधवनगर में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में “स्कूल चलें हम” अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संबोधित करेंगे।

ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम भी संबंधित ब्लॉक के विधायक के मुख्य आतिथ्य में ब्लॉक के उत्कृष्ट स्कूल में होगा । वही सभी अन्य शालाओं में भी प्रवेश उत्सव स्थानीय जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में होगा। इस दौरान सभी विद्यार्थियों का स्कूल में स्वागत कर पुस्तक वितरण एवं पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरण की जाएगी ।

पी.टी.एम. एवं सांस्कृतिक एवं खेल-कूद गतिविधियाँ

      “स्कूल चलें हम” अभियान के अंतर्गत 2 अप्रैल को शाला स्तर पर पालकों के साथ सांस्कृतिक एवं खेल-कूद की गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य पालकों का विद्यालय से जोड़ना है। इसी दिन शाला में उपस्थित पालकों को शैक्षणिक स्टॉफ द्वारा राज्य सरकार की स्कूल शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। पिछले शैक्षणिक सत्र में जिन विद्यार्थियों की 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति रही है, उनके पालकों को सभा में सम्मानित किया जाएगा।

भविष्य से भेंट कार्यक्रम

      उज्जैन जिले में “स्कूल चलें हम” अभियान के तहत 4 अप्रैल को शालाओं में “भविष्य से भेंट’’ कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह ने स्वयं सहित 91 जिला अधिकारियों को विद्यालय आवंटित किए है, जो स्कूलों में पहुँचकर बच्चों से भेंट करेंगे। वे उपस्थित बच्चों को पढ़ाई के महत्व और प्रेरणादायी कहानियां सुनाएंगे। इस दौरान सामाजिक संस्था एवं आमंत्रित व्यक्ति स्वेच्छा से विद्यार्थियों को शाला उपयोगी वस्तुएं भेंट कर सकेंगे। अधिकारीगण शाला में जाकर एक कालखण्ड में बच्चों के साथ संवाद करेंगे।

साथ ही कलेक्टर ने आयुक्त आशीष सिंह , सांसद अनिल फिरोजिया, सभी विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष , नगर अध्यक्ष, ग्रामीण अध्यक्ष को भी विद्यालय पहुंच कर बच्चों से संवाद के लिए आमंत्रण पत्र भेजा है। उक्त जानकारी डीईओ महेंद्र खत्री एवं एडीपीसी गिरीश तिवारी ने दी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *