Breaking
21 Apr 2026, Tue

सिंहस्‍थ के निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने में संबंधित विभाग के अधिकारी जुट जाएं- सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री सिंह

उज्जैन : गुरूवार, मार्च 12, 2026,

उज्जैन,12 मार्च। सिंहस्थ महापर्व 2028 के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से अधोसंरचना के विकास कार्य निर्माणाधीन है। गुरुवार को सिंहस्थ मेला अधिकारी सह संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर कार्य कराने वाले संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, विशेष कर्तव्य अधिकारी श्री गोपाल डाड, डीआईजी श्री नवनीत भसीन मौजूद रहे।सिंहस्‍थ मेला कार्यालय पर मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह विभिन्न विभागों द्वारा सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मेला अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ महापर्व के लिए निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए सभी अधिकारी जुट जाएं और गुणवत्ता के साथ कार्य को पूरा कराएं। श्री सिंह ने कहा कि जहां कहीं भी अन्य विभागों से सहयोग लिया जाना हो तो अधिकारी तुरंत अवगत कराए, जिससे विभागों में समन्वय के आधार पर निर्माण कार्यों की प्रगति तेजी लाई जा सके।बैठक में पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से चल रहे ब्रिज निर्माण कार्यों में लालपुल आरओबी में रेलवे की ओर से पाइल का कार्य शुरू हो गया है। इसी तरह फ्रीगंज आरओबी ब्रिज निर्माण में कार्य प्रगतिरत है। ब्रिज निर्माण का कार्य 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वाकणकर ब्रिज का निर्माण कार्य 49 प्रतिशत तक किया जा चुका है। चक कमेड में नाला ब्रिज निर्माण में पाइल कैप का कार्य शुरू किया जाना है। इसी तरह भूखी माता की और से बना रहे ब्रिज निर्माण में तीन पायल कैप शेष रही है। इसी तरह तपोभूमि से हामूखेड़ी ब्रिज का कार्य 35 प्रतिशत पूर्ण हुआ है। भूखी माता और तपोभूमि पर निर्माणाधीन ब्रिज का कार्य मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह कर्कराज ब्रिज और केडी गेट श्री दुर्गादास छतरी की ओर निर्माणाधीन ब्रिज का कार्य भी प्रगतिरत है। छोटा पुल पर बना रहे ब्रिज को लेकर जानकारी दी गई कि यहां पर ब्रिज 30 मीटर चौड़ा निर्माण किया जाना है। कार्य को गति देने के लिए 15-15 मीटर के दो भाग में कार्य प्रगतिरत है। इसी तरह नरसिंह घाट ब्रिज, श्री अंगारेश्वर से श्री सिद्धवट तक ब्रिज निर्माण कार्य प्रगतिरत है। बैठक में जानकारी दी गई कि लालपुर LC-7 ब्रिज निर्माण में सर्विस रोड का कार्य प्रारंभ किया गया है। ब्रिज निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य मार्च 2027 तक रखा गया है। इसी तरह मक्सी रोड आईटी आरओबी के निर्माण में 45 पाइल का कार्य किया गया है। यहां पर गैस पाइपलाइन शिफ्टिंग होना है। इसके पश्चात कार्य में और तेजी से प्रगति होगी। बैठक में पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से सड़क निर्माण को लेकर जानकारी दी गई कि बड़ा पुल से रणजीत हनुमान मंदिर तक, हरी फाटक से लालपुल तक, नागझिरी से दताना तक, श्री मंगलनाथ मंदिर से चककमेड तक सड़क निर्माण कार्य प्रगतिरत है। मेला अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही दिए गए समय अनुसार ही कार्य पूर्ण करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी निर्माण कार्य स्थल पर मॉनिटरिंग करते रहें। बैठक में पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से सदावल में निर्माणाधीन हेलीपैड पर एप्रोच रोड निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गति लाने के लिए रात्रि के समय भी निर्माण कार्य कराए जाएं। इसके लिए यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त विद्युत रोशनी की व्यवस्था रहे, जिससे लेबर को कार्य करने में कोई परेशानी ना हो।पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से श्री काल भैरव मार्ग में सड़क निर्माण कार्य को लेकर कलेक्टर श्री सिंह निर्देश दिए कि मंदिर की ओर जाने वाले इस मार्ग पर तेज गति से कार्य कराया जाए जिससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिल सके। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि आगामी दिनों में पंचक्रोशी यात्रा प्रारंभ होगी, इसके लिए पंचक्रोशी यात्रा के मार्गों पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराएं, जिससे पंचक्रोशी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *