Breaking
22 Feb 2026, Sun

पूर्व सांसद एवं सुविख्यात संत डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज के निधन पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल द्वारा शोक व्यक्त

भोपाल : सोमवार, दिसम्बर 15, 2025,

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने पूर्व सांसद एवं राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संत डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वेदांती जी महाराज के निधन से भारतीय समाज, सनातन संस्कृति और करोड़ों रामभक्तों को अपूरणीय क्षति पहुँची है। उनका जीवन संतत्व, राष्ट्रभक्ति और धर्म के प्रति अटूट समर्पण का अनुपम उदाहरण रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने और शोक संतप्त शिष्यों, अनुयायियों और परिवारजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि वेदांती जी महाराज ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए दशकों तक तप, त्याग और संघर्ष का मार्ग अपनाया। उन्होंने जनजागरण के माध्यम से रामभक्तों को संगठित किया और न्यायालय में सत्य व आस्था के पक्ष में निर्भीक होकर अपनी गवाही दी। उनका योगदान न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना के लिए भी अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि उनका निधन एक युग के अवसान के समान है। उनके विचार, संघर्ष और संकल्प सदैव रामभक्तों और सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *