देश में 20 अगस्त से शुरू हुआ फार्मर आईडी बनाने का अभियान, किसानों के घर-घर पहुंचकर बनाई जाएगी आईडी
भोपाल, 22 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के किसानों से अपनी फार्मर आईडी (Farmer ID) अनिवार्य रूप से बनवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 अगस्त से फार्मर आईडी बनाने का अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत किसानों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। शासकीय दल किसानों के पास पहुंचकर फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
Readmore उज्जैन जिले में 20 अगस्त से 15 सितंबर तक एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता और अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को नई दिल्ली से शिवपुरी जिले की कृषि उपज मंडी पिपरसमा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए और किसानों को संबोधित किया।
शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा अग्रिम खाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को खाद के लिए परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ने किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर अग्रिम खाद उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी किसान की खेती प्रभावित न हो।
उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी, डेयरी फार्मिंग, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसे आयवर्धक क्षेत्रों को अपनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि के साथ अन्य गतिविधियों से किसानों की आमदनी बढ़ाने के नए अवसर मिल सकते हैं।
ऋण चुकाने की समय-सीमा में बदलाव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को अब ऋण की राशि केवल 31 मार्च तक जमा करने की बाध्यता से राहत मिलेगी। किसान अब एक वर्ष के भीतर अपनी सुविधा के अनुसार ऋण की राशि चुका सकेंगे। सरकार द्वारा यह व्यवस्था किसानों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से की गई है।
ई-विकास 2.0 से उर्वरक खरीदना होगा आसान
मुख्यमंत्री ने ई-विकास 2.0 प्रणाली का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे अधिक सरल और किसान हितैषी बनाया गया है। नई व्यवस्था में किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। किसानों को अपनी जरूरत के मुताबिक किसी एक उर्वरक की खरीद के लिए अनिवार्य संयोजन की बाध्यता नहीं रहेगी।
किसानों को दिन में मिलेगी बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष चना और गन्ने की खेती करने वाले किसानों को इन फसलों के लिए पूरे समय दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए रात में जागने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि शिवपुरी जिले में कृषि की अपार संभावनाएं हैं। किसानों की मेहनत से उत्पादित मूंगफली की देशभर में पहचान बनी है। सरकार किसानों की आय और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
किसान सम्मान निधि से मिल रही आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसान सम्मान निधि के तहत केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा मिलाकर किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इससे किसानों को खाद, बीज सहित कृषि संबंधी आवश्यकताओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलती है।
उन्होंने शिवपुरी जिले के किसानों और लाड़ली बहनों को आगामी रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
बलराम कृषि महोत्सव में बड़ी संख्या में किसान शामिल
शिवपुरी के पिपरसमा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव, करैरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
