जनसुनवाई में 134 आवेदकों ने दिए आवेदन
उज्जैन, 21 जुलाई। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में 134 विभिन्न मामलों में जनसुनवाई करते हुए प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इसमें राजस्व, एमपीईबी, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत काफी संख्या में प्रकरण लंबित थे। इनका समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।तराना निवासी राजेन्द्र परिहार ने आवेदन दिया कि वे जनपद पंचायत तराना कार्यालय में भृत्य के पद पर कार्य कर रहे हैं। उन्हें विगत अक्टूबर 2025 से आज दिनांक तक विनियमित कर्मचारी के वेतनमान का भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण से उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर हो गई है। अतः उन्हें विगत 09 माह का विनियमित वेतनमान के अनुसार वेतन भुगतान करने का कष्ट करें। आवेदन पर सीईओ जनपद पंचायत तराना को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।झारडा तहसील के ग्राम कंथारिया निवासी शिवप्रताप सिंह ने आवेदन दिया कि गांव में कुछ लोगों द्वारा शासकीय भूमि, जो कि चरनोई के प्रयोजन के लिए थी, उस पर फसल उगाकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। इस वजह से स्थानीय लोगों को अपने पशुओं को चारा खिलाने में बहुत परेशानी हो रही है। आवेदन पर तहसीलदार झारडा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।बिरला ग्राम नागदा निवासी धर्मेन्द्र सिंह ने आवेदन दिया कि गांव में काफी समय से मृत पशुओं को गाड़ने के उपयोग में आने वाली भूमि पर स्थानीय लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर वहां फसल की बुआई कर दी गई है। उक्त भूमि पर से अवैध कब्जा शीघ्र अतिशीघ्र हटाया जाए। आवेदन पर एसडीएम नागदा को मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।खाचरौद के ग्राम चापानेर निवासी नागुसिंह पिता जोरावर सिंह ने आवेदन दिया कि वे गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करते हैं तथा उनका नाम अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभांवित होने वाले हितग्राहियों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। अतः उन्हें योजना का लाभ दिलवाया जाए। आवेदन पर सीईओ जनपद पंचायत खाचरौद को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।महिदपुर के ग्राम खेड़ाखजुरिया निवासी अजित सिंह ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित उनके खेतों में आवागमन के लिए आने-जाने वाले परंपरागत मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है। आवेदन पर एसडीओ राजस्व महिदपुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।इसी प्रकार सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, एडीएम श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।
Read More :- नवीन फुटपाथ निर्माण के दौरान आमजन की सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई जाए-संभागायुक्त श्री सिंह
