Breaking
22 Jul 2026, Wed

सागर, मुरैना और ग्वालियर में आधार सेवा केंद्र प्रारम्भ

सागर, मुरैना और ग्वालियर में आधार सेवा केंद्र प्रारम्भ

नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुगमता एवं दक्षता के साथ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा गुरुवार को प्रदेश के सागर, मुरैना और ग्वालियर में नए आधार सेवा केंद्र प्रारम्भ किए गए। ग्वालियर आधार सेवा केंद्र का कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान और मुरैना आधार सेवा केंद्र का कलेक्टर श्री लोकेश जांगिड़ ने शुभारंभ किया।

नए आधार सेवा केंद्र मुरैना में जौरा रोड स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के पास, सागर में अशोक विहार कॉलोनी स्थित बीएमसी तिल्ली वार्ड के सामने और ग्वालियर में हर्षनगर, नई गोविंदपुरी मेन रोड पर संचालित किए गए हैं। ये केंद्र सप्ताह के सातों दिन कार्यरत रहेंगे। इन केंद्रों पर आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अद्यतन सहित विभिन्न आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं, सुलभ शौचालय और केंद्र प्रबंधक की व्यवस्था की गई है। साथ ही दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए पृथक सेवा काउंटर भी बनाए गए हैं।

प्रदेश में अब यूआईडीएआई द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, शिवपुरी, उज्जैन, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, भिंड, सागर और मुरैना सहित 12 जिलों में संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों पर सेवा प्राप्त करने के लिए यूआईडीएआई की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा भी उपलब्ध है।

यूआईडीएआई राज्य कार्यालय, भोपाल के निदेशक श्री सुमित मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में आधार सेवाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से 24 अन्य जिलों में भी नए आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इन केंद्रों के प्रारम्भ होने से नागरिकों को अपने निकट आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध होंगी और समय एवं संसाधनों की बचत होगी।

यह भी पड़े :- मध्यप्रदेश पुलिस में eHRMSऑनलाइन अवकाश प्रणाली प्रारंभ

सेफ क्लिक 2.0″ के तहत प्रदेशभर के विद्यालयों में गूंजी साइबर सुरक्षा की शपथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *