उज्जैन, 16 जून। एडीएम श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।घट्टिया तहसील के ग्राम निपानिया सुनार के रहवासियों ने आवेदन दिया कि गांव स्थित मंदिर में पुजारी के छोटे भाई द्वारा दस्तावेजों में हेराफेरी कर स्वयं की नियुक्ति करवा ली गई है। इस पर एडीएम ने एसडीएम घट्टिया को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बड़नगर तहसील के ग्राम माधवपुरा निवासी बंसीलाल ने आवेदन दिया कि उनकी स्वामित्व की कृषि भूमि पर गांव के एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। इस पर तहसीलदार बड़नगर को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।घट्टिया तहसील के ग्राम उज्जैनिया निवासी जसपाल सिंह ने आवेदन दिया कि गांव में खेत की ओर जाने वाले शासकीय मार्ग पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसके कारण स्थानीय लोगों को कृषि कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एसडीएम घट्टिया को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।इसी प्रकार अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा अन्य मामलों में भी जनसुनवाई की गई।
