Breaking
5 Jun 2026, Fri

कलेक्टर एवं प्रशासक ने आम श्रद्धालुओं की कतार में शामिल होकर किया दर्शन व्यवस्था का निरीक्षण

उज्जैन। कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति श्री रोशन सिंह एवं प्रशासक एवं अपर कलेक्टर श्री प्रथम कौशिक द्वारा आज दिनांक 24 मई 2026 को आम श्रद्धालुओं के समान हरसिद्धि चौराहे से प्रवेश करते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दर्शन व्यवस्था को अधिक सुलभ, सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण के क्रम में हरसिद्धि चौराहा स्थित काउंटर पर जूते उतारकर आम श्रद्धालुओं की कतार में प्रवेश किया गया तथा बड़ा गणेश मंदिर मार्ग से प्रवेश कर मानसरोवर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात फैसिलिटी टनल से होते हुए गणेश मंडपम में दर्शन किए गए तथा पालकी हॉल मार्ग से निर्गमन कर निरीक्षण पूर्ण किया गया।इस दौरान संपूर्ण दर्शन मार्ग पर स्थापित जूता स्टैंड, पेयजल व्यवस्था, मैटिंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं हेतु छायादार शेडिंग व्यवस्था, विभिन्न स्थलों की साफ-सफाई, शीघ्र दर्शन काउंटर एवं लड्डू प्रसाद काउंटर का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं के सतत रखरखाव हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में उनके अनुभव भी जाने गए। श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में उपलब्ध व्यवस्थाओं को सकारात्मक एवं सराहनीय बताया गया।कलेक्टर एवं प्रशासक द्वारा सभी सेक्टर प्रभारियों को अपने-अपने सेक्टर में स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इस अवलोकन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना तथा व्यवस्थाओं का स्थल पर जाकर वास्तविक रूप से मूल्यांकन करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *