उज्जैन : मंगलवार, मई 12, 2026 उज्जैन,12 मई। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई। घट्टिया निवासी सुरेश सौलंकी ने आवेदन दिया कि उनकी पैतृक कृषि भूमि के नामांतरण के लिए उन्होंने आवेदन दिया था परंतु आज दिनांक तक उनकी जमीन का नामांतरण नही किया गया है। इस पर एसडीएम घट्टिया को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। केशव नगर उज्जैन के रहवासियों ने शिकायत की कि कॉलोनी में स्थित शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर अवैध निर्माण कर लिया गया है। यह लोग अपराधिक प्रवृत्ति के है तथा आए दिन स्थानीय रहवासियों को परेशान करते है। इनके द्वारा कई अवैध गतिविधियों को भी संचालित किया जा रहा है। इस पर तहसीलदार उज्जैन शहर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। शहर के दादा भाई नोरोजी नगर वार्ड क्रमांक 23 के लोगों ने आवेदन दिया कि वे काफी लंबे समय से जल संकट की समस्या से जूझ रहे है। उनके क्षेत्र में नलों से पीने का पानी भी अत्यंत कम दबाव से आता है। इस पर नगर पालिका निगम के जोनल अधिकारी को मामले की जांच की शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उज्जैन निवासी पुरुषोत्तम सिंह ने आवेदन दिया कि उनके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के द्वारा आवेदक की निजी भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण कर लिया गया है तथा विरोध करने पर आवेदक और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस पर आयुक्त नगर पालिका निगम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार एडीम श्री अत्येंद्र सिंह गुर्जर, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।
