उज्जैन : मंगलवार, मई 12, 2026,

उज्जैन ,12 मई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सिंहस्थ 2028 की तैयारियां तेज गति से जारी हैं। विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सिंहस्थ 2028 में लगभग 30 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं का आगमन संभावित है। श्रद्धालुओं की सुविधा दृष्टिगत रखते हुए मोक्षदायिनी मां शिप्रा नदी के बाएं तट पर लगभग 14.5 किलोमीटर लंबाई के नवीन घाटों का निर्माण किया जा रहा है।एप्रोच मार्गों पर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन पार्क कर श्रद्धालु सुगमता से घाट पहुंचकर स्नान कर सकेंगे शिप्रा नदी के बाएं तट के नवीन घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित और व्यवस्थित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशन में 65 एंट्री-एग्जिट स्थान चिन्हित किए गए हैं। इन सभी स्थानों को एप्रोच मार्गों से जोड़ा जाएगा, जिससे करोड़ों स्नानार्थियों को घाट तक पहुंचने में सुविधा होगी। कार्ययोजना के अनुसार बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बाएं तट के नवीन घाटों के उक्त 65 प्रवेश-निर्गम स्थानों को एप्रोच मार्गों से जोड़ा जाएगा । श्रद्धालु अपने वाहन एप्रोच मार्गों के समीप निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े कर सकेंगे। वहां से चिन्हित 65 प्रवेश बिंदुओं के माध्यम से सीधे घाट तक पहुंचकर सुगमता से स्नान कर सकेंगे। इससे भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।