उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन ने उज्जैन पहुंचकर विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
स्पेशल डीजी श्री जैन ने सिंहस्थ के दौरान बाहर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था और घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें प्रगतिरत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान श्री जैन ने त्रिवेणी शनि मंदिर के समीप निर्माणाधीन घाट का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए घाट तक कम से कम 10 मीटर चौड़ा, सुलभ और व्यवस्थित पहुंच मार्ग तैयार किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने देवास रोड स्थित चंदेसरा, उन्हेल रोड क्षेत्र और गरोठ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए धतरावदा और सिद्धवट क्षेत्र में निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया। बड़नगर रोड से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गौंसा क्षेत्र में प्रस्तावित पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया गया।
इस दौरान संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा, एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक राजेश राठौर तथा यूडीए सीईओ संदीप सोनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का फोकस इस बार सिंहस्थ में आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।