Breaking
20 Apr 2026, Mon

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने सीधी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित 40 अभ्यार्थियों को नियुक्ति पत्र किए जारी

भोपाल : मंगलवार, अप्रैल 7, 2026

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) द्वारा राज्य की विद्युत उत्पादन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीधी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित 40 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट https://www.mppgcl.mp.gov.in के करियर अनुभाग में अपलोड कर दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य की विद्युत कंपनियों में सीधी भर्ती के माध्यम से नियमित अंतराल पर रिक्त पदों की पूर्ति की जा रही है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा वर्ग-3 के अंतर्गत विभिन्न पदों की पूर्ति के लिये भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की गई थी। इसके अंतर्गत कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का आयोजन, दस्तावेज सत्यापन तथा निर्धारित पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण कर अंतिम चयन सूची जारी की गई थी।

जारी नियुक्ति आदेशों के अनुसार वर्ग-3 के पदों के लिए चयनित 40 अभ्यर्थियों में भंडार सहायक प्रशिक्षु 08, सुरक्षा सैनिक प्रशिक्षु 11, कनिष्ठ शीघ्रलेखक प्रशिक्षु 15, ड्रेसर (पट्टी बंधक) 02, अग्निशामक प्रशिक्षु 04 शामिल हैं। नियुक्ति पत्रों में अभ्यर्थियों के लिए पदस्थापना स्थल, रिपोर्टिंग की तिथि, समय-सीमा तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित विस्तृत निर्देश दिए गए हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे निर्देशों का अवलोकन कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करें।

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नई पीढ़ी के इन प्रतिभाशाली युवाओं ने अपने ज्ञान एवं कौशल के आधार पर कंपनी में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी भावी कार्मिक अपनी कर्मठता, समर्पण एवं सीखने की प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाएँगे।

कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप ने जानकारी दी कि विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से कंपनी में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है तथा युवाओं को समय-समय पर अपनी दक्षता सिद्ध करने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षणार्थी के रूप में नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये भावी कार्मिक अपने योगदान से कंपनी की सतत प्रगति एवं सुदृढ़ विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *