सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत प्रचलित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
उज्जैन :

उज्जैन, सिंहस्थ महापर्व 2028 के अंतर्गत प्रचलित अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा बैठक मंगलवार को आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने प्रचलित निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने के साथ ही निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के पूर्ण करने के लिए एक-एक दिन का समय महत्वपूर्ण हो गया है। संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी द्वारा गुणवत्ता के साथ समय का ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
सिंहस्थ मेला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा निर्माण अधीन कार्यों की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि विक्रम कीर्ति मंदिर संग्रहालय का उन्नयन कार्य प्रगतिरत है। इसी तरह नरसिंह घाट तिराहा से रामघाट तक सड़क निर्माण कार्य जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस मार्ग की लंबाई 150 मीटर और चौड़ाई 30 मीटर है। इसी तरह भारत माता मंदिर से अहिल्याबाई पार्किंग स्थल तक मार्ग निर्माण कार्य में मकान डिस्मेंटल का कार्य प्रगतिरत है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि महाकाल मंदिर का मार्ग प्रमुख होने के कारण श्रद्धालुओं का आना जाना रहता है, इसके लिए कार्य में गति बढ़कर शीघ्र कार्य पूर्ण किया जाए।
बैठक में नगर निगम द्वारा कोयला फाटक से कंठाल तक किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य के संबंध में जानकारी दी गई कि नाली और पोल शिफ्टिंग का कार्य मार्ग चौड़ीकरण में निरंतर प्रगतिरत है। इसी तरह वी.डी. क्लॉथ मार्केट से छोटी पुलिया तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य, ढाबा रोड ,टंकी चौराहा चौड़ीकरण कार्य प्रगतिरत है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रतिदिन डेश बोर्ड पर दर्ज की जाए। बैठक में बताया गया कि गाड़ी अड्डा चौराहा से शिप्रा के बडे पुल तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य में अगले एक-दो दिन में पोल शिफ्टिंग का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाए।
बैठक में बताया गया कि नगर निगम के माध्यम से गोपाल मंदिर रीगल टॉकीज में पार्किंग निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह निर्देश दिए कि रीगल टॉकीज के निर्माण पार्किंग एरिया में वाहनों के आने जाने के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएं, जिससे पार्किंग में आने वाले वाहनों को असुविधा न हो। मुंबई वालों की धर्मशाला से दानी गेट तक मार्ग निर्माण को लेकर जानकारी दी गई कि टेंडर प्रक्रिया की गई है।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने निर्माण कार्य कराने वाले सभी विभागों के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत प्रचलित सभी अधोसंरचना विकास कार्य के निर्माण में उपयोग की जाने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच नियमित रूप से करें। आगामी वर्षा ऋतु के पहले जरुरी कार्य तेज गति से पूर्ण करें, जिससे आमजन को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, विशेष कर्तव्य अधिकारी श्री गोपाल डाड, यूडीओ सीईओ श्री संदीप सोनी मौजूद रहे।